Rahjgarh MP: बारातियों से भरी ट्रॉली पलटने से, 13 की मौत, राष्ट्रपति और सीएम मोहन ने जताया दुख


Image Credit : X

झालावाड जिले के जावर नगर के मोतीपुरा गांव में एक परिवार में शादी की खुशियां उस वक्त पल भर में ही मातम में बदल गईं। जब मोतीपुरा गांव से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर आ रही 40 से 45 लोगों की बारात ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से दुर्घटनाग्रस्त हो गई। 

हादसा मध्य प्रदेश के राजगढ़ में हुआ। इस भीषण दुर्घटना में अब तक चार बच्चों समेत 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इस हादसे में 15 लोग घायल हो गए हैं, जिनका फिलहाल मध्य प्रदेश के राजगढ़ में इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायल चार बारातियों को मध्य प्रदेश के भोपाल के जिला अस्पताल में रेफर किया गया।

मामले की जानकारी देते हुए जावर थाना प्रभारी अभय सिंह ने बताया कि मोतीपुरा गांव के मोतीलाल की रविवार को मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कुलमपुरा गांव में शादी होनी थी। ऐसे में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 40 से 45 बाराती गांव से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर राजगढ़ के कुलमपुरा गांव के लिए रवाना हुए।

थाना प्रभारी ने बताया कि मध्य प्रदेश की सीमा क्षेत्र स्थित पिपलौदी चौकी के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से बाराती दुर्घटनाग्रस्त हो गये। ट्रॉली के कुचलने से चार बच्चों समेत 13 लोगों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। राजस्थान पुलिस फिलहाल मध्य प्रदेश पुलिस के संपर्क में है।

हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद स्थानीय लोग मदद के लिए आए। ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से सभी बाराती दब गए। इस बीच लोगों को निकालने की कोशिश की गई। बाद में प्रशासन की मदद से जेसीबी बुलाई गई, जिसने ट्रॉली को उठाया। फिर लोगों को बाहर निकाला जा सका। मालूम हो कि हादसे में चार बच्चों, चार पुरुषों और पांच महिलाओं की मौत हो गई।