राज्यसभा की 15 सीटों पर मंगलवार सुबह 9 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है। जिन सीटों पर चुनाव है वे उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में हैं। सबसे ज्यादा फोकस उत्तरप्रदेश पर है। यहाँ पी में सपा के चीफ व्हिप और विधायक मनोज कुमार पांडे ने इस्तीफा दे दिया।
मनोज पांडेय के इस्तीफे के साथ ही दो अन्य विधायकों द्वारा क्रॉस वोटिंग की आशंका से सपा का गणित बिगड़ सकता है। नामांकन के आखिरी दिन भाजपा ने उत्तर प्रदेश से 8वां प्रत्याशी संजय सिंह को उतार दिया था। इससे मुकाबला रोचक हो गया है।
मनोज पांडे भी पिछले दो दिनों से अपनी पार्टी के संपर्क में नहीं थे। मनोज पांडे रायबरेली के ऊंचाहार से समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। मनोज पांडे बीजेपी प्रत्याशी को वोट करेंगे। बताया जा रहा है कि मनोज पाण्डेय जल्द ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
इससे पहले सपा ने शाम सभी विधायकों की बैठक बुलाई थी। विधायकों के लिए डिनर आयोजित किया था, लेकिन 8 विधायक बैठक और डिनर में शामिल नहीं हुए। इनमें चायल विधायक पूजा पाल, गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह, गोसाईगंज विधायक अभय सिंह, अमेठी विधायक महाराजी देवी, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, ऊंचाहार विधायक मनोज पांडेय, सिराथू विधायक पल्लवी पटेल और अंबेडकरनगर विधायक राकेश पांडेय शामिल हैं।
यूपी की 10 सीटों के लिए 11 तो कर्नाटक की 4 सीटों के लिए 5 उम्मीदवार हैं। हिमाचल की 1 सीट पर भी 2 उम्मीदवार हैं, लेकिन यहां कांग्रेस के पास संख्याबल है। ऐसे में यहां मुकाबला कड़ा होने की बहुत ज्यादा उम्मीद नहीं है। तीनों ही राज्यों में क्रॉस वोटिंग की आशंका है। वजह है- 15 सीटों पर 18 कैंडिडेट मैदान में हैं।