पश्चिम बंगाल में डायमंड हार्बर के 4 और मगरहाट पश्चिम के 11 बूथों पर दोबारा मतदान शुरू हो गया है। वोटिंग शाम 6 बजे तक होगी। चुनाव आयोग ने इन बूथों पर EVMसे छेड़छाड़ और झड़प की शिकायत के बाद फिर से वोटिंग कराने का फैसला लिया था। सभी बूथ दक्षिण 24 परगना जिले में आते हैं।
राज्य की सभी 294 सीटों पर रिकॉर्ड 92.84% वोटिंग हुई। 23 अप्रैल को फर्स्ट फेज की 152 सीटों पर 93.19% मतदान हुआ था। 29 अप्रैल को सेकेंड फेज की 142 सीटों पर 92.48% वोट पड़े। रिजल्ट 4 मई को आएंगे।
कोलकाता में पश्चिम बंगाल विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने दक्षिण 24 परगना जिले के 15 पोलिंग स्टेशनों पर हो रहे री-पोल का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि मगरहाट पश्चिम में जो हुआ वह सही है, लेकिन फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के पूरे सेगमेंट में दोबारा मतदान होना चाहिए था।
अधिकारी ने कहा कि डायमंड हार्बर और फाल्टा के कई और बूथों पर भी री-पोल होना चाहिए था। कम से कम 60 बूथों में दोबारा मतदान कराना जरूरी है। यह बयान ऐसे समय आया है जब फाल्टा क्षेत्र के कुछ बूथों में EVM से छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं। भाजपा ने आरोप लगाया कि कुछ पोलिंग स्टेशनों पर पार्टी का चुनाव चिन्ह कमल टेप से ढक दिया गया था।
अधिकारी ने फाल्टा के लिए अलग से कोई घोषणा के सवाल पर कहा कि चुनाव आयोग अपनी प्रक्रिया के तहत काम कर रहा है। उनके पास ऑब्जर्वर की रिपोर्ट, प्रिसाइडिंग ऑफीसर की हैंडबुक और सीसीटीवी फुटेज होती है। मैं चुनाव आयोग का सम्मान करता हूं, जैसे ममता बनर्जी नहीं करतीं।
दूसरी ओर स्ट्रांम रूम में ईवीएम से छेड़छाड़ को लेकर वाकयुद्ध तेज हो गया है। पश्चिम बंगाल की मंत्री और श्यामपुकुर सीट से टीएमसी उम्मीदवार शशि पांजा के बारे में भाजपा उम्मीदवार पूर्णिमा चक्रवर्ती ने कहा कि स्ट्रांग रूम सुरक्षित है और EVM भी सुरक्षित हैं, लेकिन श्यामपुकुर की यह चोर टीएमसी उम्मीदवार हार के डर से ड्रामा कर रही हैं।
पुराण डेस्क