रिंकू सिंह रविवार 1 मार्च को वेस्ट इंडीज के खिलाफ सुपर-8 मैच से पहले शनिवार को कोलकाता में भारतीय टी-20 वर्ल्ड कप टीम में फिर से शामिल होंगे। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि रिंकू शनिवार को टीम में शामिल हो रहे हैं। शुक्रवार 27 फरवरी को उनके पिता खानचंद सिंह का निधन हो गया था। वे 60 साल के थे। उन्हें फोर्थ स्टेज लिवर कैंसर था। रिंकू पिता के अंतिम संस्कार के लिए चेन्नई से सीधे अलीगढ़ पहुंच गए थे, लेकिन अब वे दोबारा टीम के साथ होंगे।
दरअसल, ईडन गार्डन्स स्टेडियम में वेस्ट इंडीज के खिलाफ मैच एक वर्चुअल नॉकआउट है, जिसमें जीतने वाली टीम ग्रुप-1 से साउथ अफ्रीका के साथ सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेगी।
रिंकू ने अब तक टूनार्मेंट की 5 पारियों में 24 रन बनाए हैं। यह रिंकू का पहला ही वर्ल्ड कप है, क्योंकि वे 2024 के टूनार्मेंट में ट्रैवलिंग रिजर्व थे, इसलिए उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया था।
रिंकू सिंह 24 फरवरी को चेन्नई से फ्लाइट लेकर हॉस्पिटल पहुंच गए थे। उन्हें टी-20 वर्ल्ड कप का प्रैक्टिस सेशन छोड़ना पड़ा था। करीब 6 घंटे वह पिता के पास हॉस्पिटल में रहे। इसके बाद वह चेन्नई वापस जाने लगे। उन्होंने पिता को बताया कि 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच है, मुझे देश के लिए खेलना होगा।
पुराण डेस्क