शर्मनाक: झारखंड में स्पेनिश टूरिस्ट से गैंगरेप, पति के साथ भी मारपीट


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

घटना के बाद कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर उठ रहे सवाल..!!

अतिथि देवो भवः की भारतीय संस्कृति को शर्मसार करती घटना झारखंड से सामने आई है। यहाँ दुमका में शुक्रवार देर रात स्पेन की महिला से गैंगरेप की वारदात हो गई। यही नहीं विरोध करने पर महिला के पति से भी मारपीट की गई। घटना के बाद प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठ रहे हैं। 

शर्मसार करने वाली यह वारदात दुमका के कुरमाहाट इलाके में हुई। यहां टूरिस्ट वीजा पर भारत आई  स्पेनिश महिला से गैंगरेप किया गया। वारदात में  कुंजी गांव के 7-8 युवकों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित महिला की उम्र 30 साल बताई जा रही है। महिला दुमका में रात हो जाने पर पति के साथ एक खेत में टेंट लगाकर आराम करने लगी थी। तभी युवकों ने इस घिनौनी घटना को अंजाम दिया। विरोध करने पर कपल के साथ मारपीट भी की गई।

महिला अपने पति के साथ बाइक से टूर पर निकली थी। वे दुमका होते हुए भागलपुर की ओर जा रहे थे, लेकिन रात होने पर हंसडीहा बाजार से पहले एक सुनसान जगह पर टेंट लगाकर सो गए। पुलिस के मुताबिक़ गश्ती टीम को महिला ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी।

वारदात सामने आने पर प्रदेश सरकार पर सवाल उठ रहे हैं। इधर मामला बजट सत्र के आखिरी दिन विधानसभा में भी उठा। बीजेपी विधायक अमित मंडल ने इसे प्रदेश के साथ-साथ देश की बदनामी बताया।