FIFA World Cup 2022: मोरक्को से हार के बाद बेल्जियम में भड़का दंगा


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

मोरक्को ने बेल्जियम को हराकर इस विश्व कप का तीसरा बड़ा उलटफेर कर दिया। हार के बाद बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में कई जगहों पर प्रशंसक उग्र हो गए और देखते ही देखते उपद्रव ने दंगे का रूप ले लिया।

फीफा विश्व कप  में मोरक्को से 2-0 की अप्रत्याशित हार के बाद बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में कई जगहों पर प्रशंसक उग्र हो गए और देखते ही देखते उपद्रव ने दंगे का रूप ले लिया। ब्रसेल्स  की गलियों में हिंसा फैल गई। प्रदर्शनकारियों ने कई दुकानों में तोड़फोड़ की और गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया.

दर्जनों दंगाइयों ने एक कार को आग लगा दी और कारों पर ईंटों से पथराव किया, जिसमें एक पत्रकार भी घायल हो गया। पुलिस ने दंगा रोकने के लिए आंसू गैस के साथ पानी की बौछार भी की। पुलिस ने एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया और कई लोगों को गिरफ्तार किया है। ब्रसेल्स के मेयर फिलिप क्लोज ने फुटबॉल प्रशंसकों को राजधानी से दूर रहने का आग्रह किया है। 

मोरक्को ने बेल्जियम को हराकर इस विश्व कप का तीसरा बड़ा उलटफेर कर दिया। इससे पहले सऊदी अरब ने अर्जेंटीना और जापान ने जर्मनी को हराया था। मोरक्को ने बेल्जियम को 2-0 से हराकर इस विश्व कप में अपनी पहली जीत हासिल की। 

वहीं ग्रुप-एफ में बेल्जियम की यह पहली हार है। उसने पिछले मैच में कनाडा को हराया। अब उसके दो मैच में तीन अंक हैं और उसे प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए क्रोएशिया के खिलाफ जीत हासिल करनी होगी।