भारत ने T-20 वर्ल्ड कप में अपना सबसे बड़ा रनचेज करते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। आखिरी सुपर-8 मुकाबले में टीम इंडिया ने 196 रन के लक्ष्य को 19.2 ओवर में हासिल कर वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराया। ईडन गार्डन्स में जीत के हीरो संजू सैमसन रहे, जिन्होंने नाबाद 97 रन की पारी खेलकर विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वे टारगेट का पीछा करते हुए भारत की ओर से सबसे बड़ी पारी खेलने वाले प्लेयर बने।
पाकिस्तान-इंग्लैंड की बराबरी
भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में छठी बार सेमीफाइनल में जगह बना ली। इस उपलब्धि के साथ टीम ने पाकिस्तान और इंग्लैंड की बराबरी कर ली है। दोनों टीमें भी 6-6 बार अंतिम-4 में पहुंच चुकी हैं।
संजू सैमसन ने 20वें ओवर में रोमारियो शेफर्ड की दूसरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया। विनिंग शॉट लगाने के बाद उन्होंने हेलमेट निकालकर बाईं ओर फेंक दिया। इसके बाद वह घुटनों के बल बैठ गए, आसमान की ओर देखा और फिर हाथ जोड़कर भगवान को शुक्रिया कहा।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच जीतने के बाद शानदार पारी खेलने वाले संजू सैमसन का अनोखे तरीके से सम्मान किया। सैमसन ने 20वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का और दूसरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को मैच जिताया। नाबाद पारी खेलने के बाद जब सैमसन डगआउट की ओर जा रहे थे, तब कप्तान सूर्या ने अपनी टोपी उतारी और सिर झुकाकर उनका सम्मान किया।
पुराण डेस्क