टेक ऑफ के बाद इंडिगो फ्लाइट में तकनीकी खराबी! 180 यात्रियों की जान पर बन आई


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

दिल्ली से लेह जा रही इंडिगो फ्लाइट को वापस लौटना पड़ा, सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है..!!

इन दिनों फ्लाइट में तकनीकी खराबी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। फ्लाइट में खराबी का बात सुनते ही सभी का मन एक बार को तो आशंकाओं और शंकाओं से भर उठता है।

गुरुवार 19 जून को दिल्ली एयरपोर्ट से लेह जा रही इंडिगो की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। बताया जा रहा है कि विमान में तकनीकी खराबी आने के कारण विमान दिल्ली वापस लौट आया। उड़ान के दौरान पायलट को तकनीकी खराबी का सिग्नल मिला और विमान को वापस दिल्ली एयरपोर्ट की तरफ मोड़ लिया गया। विमान में कुल 180 यात्री सवार थे।

जानकारी के अनुसार, विमान ने सुबह तय समय पर दिल्ली से लेह के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन टेकऑफ के कुछ मिनट बाद ही तकनीकी खराबी की आशंका के कारण फ्लाइट को वापस लौटना पड़ा। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। 

इंडिगो ने बयान जारी कर कहा कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था करने में मदद की जा रही है। फिलहाल विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। किसी यात्री के घायल होने या नुकसान की कोई खबर नहीं है।

इससे पहले बुधवार को दिल्ली से बाली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2145 को उस समय बीच उड़ान में ही दिल्ली लौटना पड़ा, जब इंडोनेशिया के लेवोटोबी लाकी-लाकी ज्वालामुखी में अचानक भीषण विस्फोट हो गया।

बाली एयरपोर्ट के पास स्थित ज्वालामुखी से 10 किलोमीटर की ऊंचाई तक राख निकल रही थी, जिससे राख का विस्फोटक प्रभाव आसपास की हवा में फैल गया और हवाई यातायात के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया।

एयर इंडिया की ओर से मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, जब उड़ान के रास्ते में राख से भरा बादल आने लगा तो सुरक्षा को देखते हुए आगे की उड़ान असुरक्षित हो गई। ऐसे में पायलट ने दिल्ली लौटने का फैसला किया। 

फ्लाइट बिना किसी बाधा के सुरक्षित वापस लौट आई। इसके बाद सभी यात्रियों को उतार दिया गया। एयर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया और घोषणा की कि प्रभावित यात्रियों को होटल की सुविधा, पूरा रिफंड या यात्रा पुनर्निर्धारित करने का विकल्प प्रदान किया जाएगा।

आपको बता दें, कि 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रहे एयर इंडिया के विमान में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दौरान विमान में सवार 268 लोगों की मौत हो गई। 

गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी इस दुर्घटना में मौत हो गई। फिलहाल, दुर्घटना में मारे गए लोगों की पहचान डीएनए जांच के जरिए की जा रही है। अब तक 208 मृतकों की पहचान हो चुकी है, जबकि 173 शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं।