दिल्ली के मुख्यमंत्री अऱविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर अब मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सत्ताधारी दल भाजपा पर तीखा प्रहार किया है। कमलनाथ ने भारतीय जनता पार्टी की केंद्र में काबिज सरकार को तानाशाह करार देते हुए में विपक्षी दलों की एकता पर जोर दिया है।
कमलनाथ ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर लिखा कि विपक्षी दलों की एकता की इस समय जितनी आवश्यकता है, उतनी ज़रूरत पिछले 75 साल में शायद ही पहले कभी रही हो। वर्तमान सत्ताधारी दल के इरादे एकदम स्पष्ट हैं, आम चुनाव से पहले वह विपक्ष से लड़ना नहीं, बल्कि विपक्ष को अनैतिक हथकंडे अपनाकर समाप्त कर देना चाहता है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे लिखा कि राजनैतिक कार्यकर्ताओं और नेताओं को डराना, धमकाना, तोड़ना, गिरफ़्तार करना और जेल भेजना इसी कुचक्र का हिस्सा है। यह जो दमन चक्र चलाया जा रहा है, उसका सिर्फ़ एक मक़सद है कि भारत की आज़ादी के बाद जो सत्ता जनता के हाथों में दी गई थी, उसे जनता के हाथ से छीन कर तानाशाही के हाथ में दे देना।
उन्होंने भारत के जागरूक नागरिकों से अपनी ज़िम्मेदारी पूरी प्रतिबद्धता से निभाने की बात कहते हुए कहा कि मौक़ापरस्तों को पहचानना है और जनता की सेवा करने वालों के साथ खड़े रहना है। हम सब मिलकर अपने लोकतंत्र की रक्षा करेंगे और इसे मज़बूत बनाएंगे।