प्रदेश में फेंसिंग के जरिये वनों की सुरक्षा हेतु इस साल 43 करोड़ रुपये आवंटित हुये


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

इसमें जंगली हाथियों के प्रबंधन के लिये बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर को सोलर पावर फेंसिंग हेतु 3 करोड़ 70 लाख रुपये दिये गये हैं..!!

भोपाल: राज्य सरकार ने वर्तमान वित्त वर्ष में जंगली जानवरों द्वारा फसलों को नष्ट किये जाने से बचाने हेतु संवेदनशील वन क्षेत्रों में फेंसिंग करने हेतु कुल 42 करोड़ 58 लाख 20 हजार 300 रुपये विभिन्न वनमंडलों को आवंटित किये हैं। इसमें जंगली हाथियों के प्रबंधन के लिये बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर को सोलर पावर फेंसिंग हेतु 3 करोड़ 70 लाख रुपये दिये गये हैं। उल्लेखनीय है कि सोलर पावर फेंसिंग (सौर ऊर्जा बाड़) एक आधुनिक सुरक्षा प्रणाली है, जो सौर ऊर्जा का उपयोग करके खेतों, बागों या संपत्तियों की जंगली जानवरों और घुसपैठियों से सुरक्षा करती है। इसमें तार की बाड़ में सोलर पैनल और बैटरी के जरिए उच्च वोल्टेज (लेकिन सुरक्षित) पल्स करंट छोड़ा जाता है, जिससे छूने पर झटका लगता है।

इसी प्रकार, दस संरक्षित वन क्षेत्रों यथा देवास वनमंडल, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व, बफर जोन वनमंडल, कान्हा टाइगर रिजर्व, ओबेदुल्लागंज वनमंडल, वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व, पेंच टाइगर रिजर्व, कूनो राष्ट्रीय उद्यान, संजय टाइगर रिजर्व तथा बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व को जंगली जानवरों से फसलों को नुकसान पहुंचाने हेतु फेंसिंग कार्य हेतु अलग से 38 करोड़ 88 लाख 20 हजार 300 रुपये आवंटित किये गये हैं तथा इस आवंटित कुल राशि से फेंसिंग करने का कार्य जारी है।