उद्धव का फ्लोर टेस्ट कल, गुरुवार को विशेष सत्र शुरु होने के पहले आ जाएगा शिंदे गुट 


स्टोरी हाइलाइट्स

राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने गुरुवार सुबह विशेष सत्र बुलाने का ऐलान किया।

महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार के सामने आखिरकार फ्लोर टेस्ट की चुनौती आ ही गई। राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी ने उद्धव सरकार को 30 जून, सुबह 11 बजे विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने और फ्लोर टेस्ट कराने का निर्देश दिया है। भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार रात राजभवन जाकर अविश्वास प्रस्ताव की चिट्ठी राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को दी थी। उसके बाद गवर्नर कोश्यारी ने गुरुवार सुबह विशेष सत्र बुलाने का ऐलान किया।

इसके तहत अब 30 जून यानी गुरुवार को महाराष्ट्र विधानसभा में फ्लोर टेस्ट होगा। यह सुबह 11 बजे शुरू होगा और किसी भी हालत में 5 बजे से पहले इसे पूरा कर लिया जाएगा। इस बीच, गुवाहाटी में 39 शिवसेना विधायकों के साथ बैठे एकनाथ शिंदे ने कहा कि वे आज मुंबई रवाना होंगे। शिंदे विधायकों के साथ कामाख्या देवी दर्शन के लिए गए थे. मुंबई जाने के सवाल पर वे मीडिया को जवाब दे रहे थे। 

शिंदे बुधवार को सुबह रेडिसन ब्लू होटल से कामाख्या मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ सभी बागी विधायक भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि इन विधायकों को गुवाहाटी से अब गोवा ले जाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए गोवा के ताज कन्वेंशन होटल में 71 कमरे बुक किए गए हैं। वहां से जरूरत पड़ने पर उन्हें मुंबई लाया जाएगा। 

मंगलवार देर रात भाजपा के देवेंद्र फडणवीस, गिरीश महाजन और चंद्रकांत पाटील ने उद्धव सरकार के खिलाफ फ्लोर टेस्ट की मांग की थी। राज्यपाल के फ्लोर टेस्ट का नोटिस देने के बाद उद्धव सरकार सुप्रीम कोर्ट जा सकती है। दरअसल, 26 जून को सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के बाद शिवसेना, डिप्टी स्पीकर, महाराष्ट्र पुलिस और केंद्र सरकार को इस संबंध में नोटिस जारी किया था। इस मामले में कोर्ट की अगली सुनवाई 11 जुलाई को है। 

इधर भाजपा ने बुधवार को अपने सभी विधायकों को मुंबई आने को कहा है। सूत्रों के मुताबिक देवेंद्र फडणवीस विधायकों के साथ मीटिंग कर सकते हैं। शिंदे गुट और भाजपा के बीच सरकार बनाने पर भी मंथन चल रहा है। भाजपा ने शिंदे गुट को कुल 13 यानि 8 कैबिनेट और 5 राज्य मंत्रियों का ऑफर दिया है। डिप्टी CM के लिए एकनाथ शिंदे का नाम रखा गया है। 

SEEMAA DIWAN

SEEMAA DIWAN

diwanseema54@gmail.com