यूपी विधानसभा चुनाव के पहले चरण से पहले समाजवादी पार्टी ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। लखनऊ में चुनावी घोषणा पत्र का ऐलान करते हुए पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जनता से कई बड़े वादे किए। अखिलेश यादव ने कहा, हम लोगों के बीच सच और अटूट भविष्य का वादा लेकर जा रहे हैं। सपा ने जो भी वादे किए थे, सरकार बनने पर उन्हें जरूर पूरा किया है। मैं आज यूपी के किसानों और लोगों के बीच अपना यह पत्र रख रहा हूं।
समाजवादी वचन पत्र : 22 में 22 संकल्प
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) February 8, 2022
सत्य वचन ~ अटूट वादा
जो कहा वो कर दिखाया pic.twitter.com/Cc3keAviT5
किसानों का 15 दिनों के भीतर होगा भुगतान :
अखिलेश यादव ने किसानों को ध्यान में रखते हुए कहा कि सभी किसानों की फसलों का एमएसपी तय किया जाएगा। गन्ना किसानों का 15 दिनों के अंदर भुगतान किया जाएगा। 4 साल में सभी किसान कर्ज मुक्त होंगे। किसानों को डीएपी की 2 बोरी और यूरिया की 5 बोरी मुफ्त दी जाएगी। किसानों को सिंचाई बिजली नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। पिछले साल आंदोलन में मारे गए किसानों की याद में एक किसान स्मारक बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी बीपीएल परिवारों को हर साल दो सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे। केजी से पीजी तक लड़कियों की शिक्षा नि:शुल्क होगी। कन्या विद्या धन दिया जाएगा और इंटर पास करने पर बेटियों को एक साथ 36 हजार रुपये दिए जाएंगे। समाजवादी कैंटीन और किराना स्टोर शुरू किए जाएंगे। जरूरतमंद लोगों को 10 रुपये में समाजवादी थाली दी जाएगी और किराने की दुकान से कम दर पर राशन दिया जाएगा।
सभी गांवों और शहरों में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे :
यूपी में कानून व्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि एक साल में सभी गांवों और शहरों में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए जाएंगे। प्रदेश में डायल 112 को और मजबूत किया जाएगा। सभी थानों और तालुकाओं को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाएगा। महिलाओं के खिलाफ अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।
लोगों को मिलेगी 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली :
उन्होंने कहा कि, सभी गरीबों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी और सभी परिवारों को 300 यूनिट बिजली मुफ्त मुहैया कराई जाएगी। प्रदेश में 24 घंटे बिजली आपूर्ति की व्यवस्था की जायेगी। शहरों में फ्री वाई-फाई जोन बनाए जाएंगे और यूपी में पुरानी पेंशन योजनाओं को बहाल किया जाएगा। सभी 18 विभागों में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित किए जाएंगे। प्रदेश में 108 व 102 एंबुलेंस को अपग्रेड किया जाएगा। साथ ही एंबुलेंस की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।