अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म करने को लेकर एक समझौते के करीब पहुंच गए हैं। अमेरिकी मीडिया एक्सिओस ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया है कि 21 अप्रैल को खत्म हो रहे सीजफायर से पहले समझौता करने की कोशिश कर रहे हैं। इस बीच गुरुवार को तेहरान में ईरानी अधिकारियों और पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर के बीच अहम बातचीत होगी। यह जानकारी मीडिया ‘तस्नीम’ ने दी।
आसिम मुनीर बुधवार को ही तेहरान पहुंचे और विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात की। पाकिस्तानी सेना ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि मुनीर के नेतृत्व वाला यह प्रतिनिधिमंडल अमेरिका का संदेश लेकर ईरान गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, दोनों देशों के बीच बातचीत आगे बढ़ी है, लेकिन दोनों पक्षों के बीच अभी भी मतभेद बने हुए हैं। इस प्रक्रिया में पाकिस्तान, मिस्र और तुर्की मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर, ईरान और मध्यस्थ देशों के साथ लगातार बातचीत कर रहे हैं और ड्राफ्ट प्रस्तावों का आदान-प्रदान जारी है।
अधिकारियों के मुताबिक, सीजफायर खत्म होने से पहले एक बार और आमने-सामने बातचीत हो सकती है। इस दौरान अगर फ्रेमवर्क समझौता होता है, तो डील के लिए सीजफायर को बढ़ाया जा सकता है, हालांकि अमेरिका ने अभी औपचारिक सहमति नहीं दी है।
दावा- अमेरिकी नाकेबंदी से ईरान पर दबाव बढ़ा
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि होर्मुज स्ट्रेट में ट्रम्प की नौसैनिक नाकेबंदी और आर्थिक दबाव के कारण ईरान पर समझौते का दबाव बढ़ रहा है। अमेरिका ने दावा किया है कि नाकेबंदी के बाद पिछले 48 घंटों में कोई भी जहाज ईरानी बंदरगाहों तक नहीं पहुंचा। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, इस दौरान 9 जहाजों को लौटा दिया गया।
पुराण डेस्क