चीन से आ रहे ईरानी जहाज पर अमेरिका ने किया कब्जा, जवाबी कार्रवाई पर निगाहें


Image Credit : x

स्टोरी हाइलाइट्स

राष्ट्रपति ट्रम्प के मुताबिक टॉस्का नामक यह जहाज होर्मुज स्ट्रेट को पार करने की कोशिश कर रहा था..!!

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहाहै। अमेरिका ने ईरान के एक मालवाहक जहाज को अपने कब्जे में ले लिया है। राष्ट्रपति ट्रम्प के मुताबिक टॉस्का नामक यह जहाज होर्मुज स्ट्रेट को पार करने की कोशिश कर रहा था। इसे अमेरिकी डेस्ट्रॉयर यूएसएस स्प्रूअन्स ने रोका।

ट्रम्प के मुताबिक, जहाज ने चेतावनियों को नजरअंदाज किया, जिसके बाद अमेरिकी मरीन ने उसे रोक लिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, इस वक्त जहाज हमारे कब्जे में है। हम पूरी तरह इसे कंट्रोल में लेकर देख रहे हैं कि इसके अंदर क्या है।

दूसरी तरफ, ईरान के हजरत खातम अल-अनबिया सैन्य मुख्यालय ने कहा कि अमेरिका ने सीजफायर का उल्लंघन किया और ओमान की खाड़ी में ईरान के एक व्यापारिक जहाज पर फायरिंग की, जिससे उसका नेविगेशन सिस्टम खराब हो गया। तस्नीम मीडिया के मुताबिक यह जहाज चीन से ईरान जा रहा था। ईरान ने इसे समुद्री डकैती करार दिया और कहा कि वे जल्द इसका जवाब देंगे।

दूसरी बैठक पर संशय

ईरान ने इस्लामाबाद में होने वाले शांति वार्ता के दूसरे दौर में शामिल होने से इनकार कर दिया है। ईरान ने अमेरिका की मांगों और को इस फैसले का मुख्य कारण बताया है।  वहीं पाकिस्तान में दूसरे दौर की वार्ता में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का दौरा टल गया है। ट्रम्प ने इंटरव्यू के दौरान बताया कि सुरक्षा चिंताओं के चलते वेंस इस्लामाबाद नहीं जाएंगे।

ईरान-अमेरिका तनाव के बीच तेल की कीमतें बढ़ीं

ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच तेल की कीमतों में तेज उछाल आया है और शेयर बाजार पर दबाव दिख रहा है। वीकेंड पर होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास हालात बिगड़ने से यह उम्मीद कम हो गई है कि यह अहम समुद्री रास्ता जल्दी खुल पाएगा।