राहुल गांधी के नेतृत्व में बिहार में मतदाता अधिकार यात्रा निकाली जा रही है। मंगलवार 26 अगस्त को यात्रा का 10वां दिन है। सुपौल से शुरू हुई मतदाता अधिकार यात्रा मधुबनी पहुंच गई है। फिलहाल मधुबनी में लंच ब्रेक है। राहुल गांधी के साथ उनकी बहन और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी समेत कई बड़े नेता मौजूद हैं।
प्रियंका गांधी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर कर एनडीए सरकार पर कड़ा हमला बोला।
प्रियंका गांधी ने लिखा, "जनता का विश्वास खो चुकी भाजपा देशभर में वोट चुराने की साजिशें रच रही है। महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, बिहार में आर्थिक तंगी समेत हर मोर्चे पर विफल भाजपा-जदयू सरकार जनता के वोट चुराकर सत्ता में बने रहना चाहती है। लाखों गरीब और वंचित नागरिकों से वोट का अधिकार छीना जा रहा है। संविधान ने हर भारतीय को वोट का अधिकार दिया है। कोई भी ताकत इस अधिकार को नहीं छीन सकती। हम गरीबों का एक भी वोट नहीं चुराने देंगे। संविधान की जय हो!" राहुल गांधी फिलहाल फुलपरास में एक टेंट में आराम कर रहे हैं। यात्रा शाम 4 बजे फिर शुरू होगी।
राजद सांसद मनोज झा और कांग्रेस नेता सुरजेवाला ने मधुबनी में मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान मनोज झा ने कहा- “हम पहले चुनाव आयोग गए थे। हमने कहा था कि अन्याय हो रहा है। गरीबों और दलितों के नाम काट दिए जाएँगे। आपने 11 दस्तावेज़ों में आधार कार्ड भी शामिल नहीं किया। फिर हम सुप्रीम कोर्ट गए। कोर्ट जाने के बाद हमें कुछ राहत मिली। अब कोर्ट के आदेश के बाद आधार कार्ड भी शामिल हो गया है। उसके बाद भी SIR में कई समस्याएँ हैं। तो, वोट चोरी के खिलाफ यह एक शुरुआत है। यह चुनाव सरकार बदलने का नहीं, बल्कि सरोकार बदलने का है।”