नई दिल्ली: भारतीय वायु सेना (IAF) का एक Mi-17 हेलीकॉप्टर गुरुवार को पूर्वी अरुणाचल प्रदेश में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में विमान के 2 पायलट और 3 क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल मेंटेनेंस के लिए किया जा रहा था। इस बीच, दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश दिया जाएगा।

इससे पहले सितंबर में, जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के शिवगढ़ के पास सेना का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें दो पायलटों की मौत हो गई थी। अगस्त में भी, जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में रंजीत सागर बांध के पास एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में दो पायलटों की मौत हो गई थी। साथ ही 21 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के भिंड जिले में भारतीय वायु सेना का मिराज-2000 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले पायलट के पैराशूट से कूदने के बाद वह दुर्घटना में बच गया। ये सभी हादसे ट्रेनिंग के दौरान हुए।

2017 में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में 7 जवान हुए थे शहीद :

2017 में अरुणाचल प्रदेश में एक Mi-17-V5 हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस हादसे में 7 जवान शहीद हो गए थे। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया। 6 अक्टूबर, 2017 को भारतीय वायु सेना का एक एमआई-17-वी 5 हेलीकॉप्टर अपने नियमित मिशन पर उड़ान भरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।