पंजाब सरकार दिल्ली में ट्रैक्टर रैली के दौरान गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों को देगी 2-2 लाख की मदद


स्टोरी हाइलाइट्स

पंजाब सरकार ने किसान आंदोलन के समर्थन में किया बड़ा ऐलान, गिरफ्तार किए गए किसानों को 2 लाख रुपये का भुगतान किया जाएगा...

Punjab Government : पंजाब सरकार ने किसान आंदोलन के समर्थन में बड़ा ऐलान किया है। पंजाब सरकार ने कहा, इस साल 26 जनवरी को आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए किसानों को 2 लाख रुपये का भुगतान किया जाएगा। 
 
चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा, तीन काले कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन का समर्थन करने के लिए मेरी सरकार के रुख को दोहराते हुए, हमने 26 जनवरी, 2021 को राष्ट्रीय राजधानी में ट्रैक्टर रैली करने के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए 83 लोगों को 2 लाख रुपये का मुआवजा देने का फैसला किया है।
 


26 जनवरी 2021 को संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा केन्द्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया गया था। ट्रैक्टर रैली उस समय हिंसक हो गई, जब प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ दिए, सुरक्षा गार्डों पर हमला किया और लाल किले के ऊपर किसान मोर्चा का झंडा फहराने की कोशिश की। उस समय लाल किला इलाके में किसानों और दिल्ली पुलिस के बीच हाथापाई हुई और पुलिस ने लाठियों का भी इस्तेमाल किया। दिल्ली पुलिस ने मामले में 200 किसानों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इनमें से 83 किसान आंदोलनकारियों को यह मदद दी जाएगी।
 
इस बीच केंद्र सरकार के 3 कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन के मौके पर 29 नवंबर से संसद परिसर में ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में संयुक्त किसान मोर्चा ने पिछले साल 26 नवंबर को आंदोलन शुरू किया था।