बिहार- नालंदा के शीतलाष्टमी मंदिर में भगदड़, 8 की मौत


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

मरने वालों में सभी महिलाएं हैं, हादसे में 6 से ज्यादा लोग घायल हैं, भगदड़ के बाद मंदिर और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल है..!!

नालंदा के मघड़ा में माता शीतलाष्टमी मंदिर में भगदड़ से 8 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में सभी महिलाएं हैं। हादसे में 6 से ज्यादा लोग घायल हैं। भगदड़ के बाद मंदिर और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल है।

मृतकों में से 2 की पहचान हो पाई है। इनमें नालंदा निवासी रीता देवी (50),और रेखा देवी (45) है। घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि चैत्र महीने का आज आखिरी मंगलवार होने से मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर में जुटी थी। प्रशासन ने हादसे के बाद मंदिर और मेला को बंद करवा दिया है।

यह जानकारी भी सामने आई है कि मंदिर का गर्भ गृह बहुत छोटा है। मंदिर गई एक महिला ने बताया कि भीड़ इतनी थी कि लोग एक-दूसरे पर चढ़ रहे थे। सबको जल्दी थी आगे जाकर पूजा करने की। कोई लाइन में लगकर पूजा नहीं करना चाह रहे थे।

हादसे में जान गंवाने वाली मृतका रेखा देवी के बेटे ने बताया कि मम्मी मेला देखने गई थी। हजारों की भीड़ थी। मघड़ा मेला लगा था। मैं घर पर था, जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचा। मां को अस्पताल लेकर आए, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

गौरतलब है कि मंदिर बिहारशरीफ (नालंदा) से लगभग 5 किलोमीटर दूर मघड़ा गांव में स्थित है। चैत्र माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी (शीतला अष्टमी) को मुख्य पूजा होती है। परंपरा है कि शीतला अष्टमी के दिन घरों में चूल्हा नहीं जलता है। भक्त माता को एक दिन पहले बना ठंडा भोजन (बासी) भोग लगाते हैं। अष्टमी के दिन यहां भारी भीड़ होती है, लोग लंबी कतारों में लगकर माता के दर्शन करते हैं।