देश में उपराष्ट्रपति के चुनाव को लेकर काफी चर्चा है। बीजेपी आज "संसदीय बोर्ड" की बैठक में उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार पर अंतिम फैसला ले सकती है। संसदीय बोर्ड की बैठक में पीएम मोदी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। उम्मीद है कि आज उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के नाम पर मुहर लग जाएगी।
यह भी पढ़े:
एनडीए की तरफ़ से उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार कौन होगा इसको लेकर कई नामों पर चर्चा हो रही है। कहा जा रहा है कि देश में राष्ट्रपति पद के लिए बीजेपी की तरफ़ से एक आदिवासी महिला पर दांव लगाने के बाद उपराष्ट्रपति पद के लिए अल्पसंख्यक चेहरा उतारा जा सकता है।
किन नामों पर हो रही है चर्चा?
बीजेपी ने एनडीए की तरफ़ से राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू को मैदान में उतारा है। ऐसे में बीजेपी उपराष्ट्रपति पद के लिए अल्पसंख्यक चेहरा उतारने की कोशिश कर सकती है। पार्टी बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी को मैदान में उतार सकती है। इसके अलावा केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के नाम पर भी चर्चा हो रही है। भाजपा पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और सिख चेहरे कैप्टन अमरिंदर पर भी दांव लगा सकती है। साथ ही नजमा हेपतुल्ला के नाम की भी चर्चा हो रही है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ का नाम भी चर्चा में है।
उपराष्ट्रपति का चुनाव कब है?
देश के वर्तमान उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू हैं, जिनका कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है। अगले उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। उपराष्ट्रपति पद के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 19 जुलाई है। अगर जरूरत पड़ी तो छह अगस्त को चुनाव कराए जाएंगे। यानी अगर एक से ज्यादा उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरते हैं तो चुनाव 6 अगस्त को होंगे। वोटों की गिनती भी उसी दिन होगी।