ग्वालियर: शिवपुरी जिले में करैरा में राहगीरों को टक्कर मारने के बाद चर्चा में आए पिछोर विधायक के पुत्र दिनेश लोधी पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के बाद पिछोर विधायक का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर अब राजनीति भी गर्मा गई है।
इस वीडियो में वह करैरा एसडीओपी के पद पर पदस्थ आईपीएस अधिकारी डॉ. आयुष जाखड़ को धमकी भरे अंदाज में यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि क्या करैरा तुम्हारे डैडी की है..? मैं तुम्हें कहना चाहता हूं वह करैरा आएगा भी और चुनाव भी लड़ेगा, तेरे डैडी में दम हो तो रोक लेना। मैं कहना चाहता हूं एसडीओपी महोदय से हमारा इतिहास भी देख लेना।
वीडियो में विधायक यहां तक कहते नजर आ रहे हैं कि एक आदिवासी महिला का एक्सीडेंट हो जाता है तो क्या वहां देखने के लिए गए थे एसडीओपी? वहां नहीं गए, क्योंकि वहां पैसा नहीं मिलना था। तुम तो वहां जाते हो जहां पैसा मिलता है। उनका कहना था कि मैं ऐसे अधिकारी को कहना चाहता हूं कि अपनी औकात और कानून के दायरे में रहे। कानून हमें भी आता है और कानून हम भी जानते हैं।
वीडियो में प्रीतम लोधी के तेवरों पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा है। उन्होंने लिखा- 20 साल से भाजपा को सर आँखों पर बिठाने वाली जनता को भाजपा विधायक पुत्र सरेआम रौंद रहे हैं, यह मोदी जी का नया भारत है, जहाँ सत्ता के नशे में चूर भाजपा के नेता लोगों को कुचलेंगे भी और न कानून का डर, न कार्रवाई का। आज जनता के सामने भाजपा का असली चाल, चरित्र और चेहरा स्पष्ट रूप से सामने है।
ये है पूरा मामला
करैरा कस्बे में 16 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 7:30 बजे पिछोर विधायक प्रीतम लोधी के पुत्र दिनेश लोधी अपनी थार कार से थाने के पास स्थित जिम जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने तेजी व लापरवाही से कार चलाते हुए राहगीरों को टक्कर मार दी थी। हादसे में संजय परिहार अशीष परिहार, अंशुल परिहार, सीता वर्मा, पूजा सोनी घायल हो गए थे। पांचों लोगों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। संजय परिहार की शिकायत पर आरोपित दिनेश लोधी के खिलाफ पुलिस ने आपराधिक प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया है। इसके बाद पुलिस ने राहगीरों को टक्कर मारने वाले पिछोर विधायक प्रीतम लोधी के पुत्र दिनेश लोधी कोरविवार को पूछताछ और स्टेटमेंट दर्ज करवाने के लिए थाने बुलाया। इस दौरान विधायक पुत्र की गाड़ी की काली फिल्म व हूटर लगे हुए थे, उनके वाहन पर अब भी वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं था।
पुराण डेस्क