लेबनान में इजराइल के हमलों में एक ही दिन में 254 लोगों की मौत हुई है, जबकि 1165 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इसके बाद देश में राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है।
लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने कहा कि वे देश के सभी राजनीतिक और कूटनीतिक संसाधनों को जुटाकर इजराइली हमलों को रोकने की कोशिश कर रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री रकान नासेरद्दीन ने अंतरराष्ट्रीय मदद की अपील की है। बड़ी संख्या में घायलों के इलाज से स्वास्थ्य व्यवस्था पर भारी दबाव है।
इस बीच सीजफायर को लेकर विवाद गहरा गया है। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि लेबनान इस समझौते में शामिल नहीं है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा, हमने ऐसा कोई वादा नहीं किया था। वहीं ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अमेरिका को तय करना होगा कि वह सीजफायर लागू करता है या इजराइल के जरिए जंग जारी रखता है, क्योंकि दोनों साथ नहीं चल सकते।
इधर ईरान होर्मजु स्ट्रेट से गुजरने वाले तेल के जहाजों से हर बैरल पर 1 डॉलर टैक्स लेने की योजना बना रहा है और भुगतान क्रिप्टोकरेंसी में चाहता है। यह खबर फाइनेंशियल टाइम्स ने सूत्रों के हवाले से दी है। ईरान इस रास्ते से गुजरने वाले हर जहाज पर नजर रखेगा और कंट्रोल करेगा। जहाजों को पहले अपने माल (कार्गो) की जानकारी देनी होगी, उसके बाद ही आगे जाने की इजाजत मिलेगी।
ईरान के अधिकारी हामिद होसैनी ने कहा कि यह इसलिए किया जा रहा है ताकि दो हफ्तों में हथियारों की आवाजाही न हो सके। उन्होंने कहा कि जहाजों को जाने दिया जाएगा, लेकिन प्रोसेस में समय लग सकता है क्योंकि ईरान किसी जल्दी में नहीं है। इस प्लान के तहत जहाजों को ईमेल के जरिए अपने कार्गो की जानकारी देनी होगी। इसके बाद ईरान टैक्स तय करेगा, जो हर बैरल पर 1 डॉलर होगा, और इसे बिटकॉइन जैसी डिजिटल करेंसी में देना होगा।
सैटेलाइट तस्वीर में सऊदी की तेल पाइपलाइन में लगी आग दिखी
अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर ऐलान के कुछ ही घंटों बाद बुधवार को सऊदी अरब की एक अहम तेल पाइपलाइन पर हमला हुआ। अब यूरोपियन स्पेस एजेंसी ने हमले के बाद की सैटेलाइट तस्वीरें जारी की हैं। इनमें सऊदी अरामको की अबकैक प्रोसेसिंग फैसिलिटी से घना काला धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। अबकैक प्रोसेसिंग फैसिलिटी दुनिया का सबसे बड़ा क्रूड स्टेबलाइजेशन प्लांट है। सऊदी अरामको के मुताबिक यह वैश्विक तेल सप्लाई का लगभग 5% हिस्सा देता है। इस प्लांट में सॉर क्रूड आॅयल को प्रोसेस कर स्वीट क्रूड में बदला जाता है। इसे बाद में ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन के जरिए देश के पूर्वी और पश्चिमी तटों तक पहुंचाया जाता है।
यह पाइपलाइन क्षेत्र की उन दो प्रमुख लाइनों में शामिल है जो होर्मुज स्ट्रेट को बायपास करती हैं। वहां ईरान युद्ध के कारण बड़े स्तर पर व्यापार प्रभावित हुआ है। अबकैक से रेड सी के यनबू पोर्ट तक तेल पहुंचाने वाली यह लाइन होर्मुज के प्रभावी रूप से बंद होने के बाद सऊदी अरब के तेल निर्यात के लिए बेहद अहम बन गई है।
पुराण डेस्क