Chattisgarh News: जशपुर में तेज़ रफ़्तार बस पलटी, 5 लोगों की मौत


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

मिली जानकारी के अनुसार करडेगा से कुनकुरी आ रही यात्री बस करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़ाअंबा के पास अनियंत्रित होकर पलट गई, इस हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई और 14 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं..!!

छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले के करडेगा-कुनकुरी मार्ग पर शुक्रवार को एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गयी, जिसके कारण पांच यात्रियों की मौत हो गयी। इस घटना में 14 अन्य लोग घायल हुए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार करडेगा से कुनकुरी आ रही यात्री बस करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़ाअंबा के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई और 14 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने बस का ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है।

नियंत्रण खोने के बाद बस सड़क किनारे निर्माणाधीन भवन की दीवार तोड़ते हुए पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश पर तत्काल एम्बुलेंस सेवा मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर तीन एम्बुलेंस भेजी गईं, जिनकी मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायलों को कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और होलीक्रॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

इस दर्दनाक हादसे में मृतकों में एक छोटा बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।