देश की पहली नेजल वैक्सीन को मिली DCGI की मंजूरी..! स्वास्थ्य मंत्री ने दी बड़ी जानकारी


स्टोरी हाइलाइट्स

COVID-19 Vaccine: भारत बायोटेक को इंट्रानैसल कोविड-19 वैक्सीन के लिए डीसीजीआई से इमरजेंसी इस्तेमाल की अनुमति मिल गई है.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने एक अहम् जानकारी देते हुए बताया कि भारत बायोटेक को इंट्रानैसल COVID-19 वैक्सीन के लिए डीसीजीआई (DCGI) से इमरजेंसी इस्तेमाल की अनुमति मिल गई है। बता दें कि यह कोरोना महामारी के खिलाफ़ भारत का पहला नाक का टीका होगा।

जानकारी के अनुसार, डीसीजीआई ने इस टिके को 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोगों के प्राथमिक टीकाकरण के रूप में आपातकालीन स्थितियों में प्रतिबंधित उपयोग के लिए मंजूरी दी है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने ट्वीट कर लिखा कि COVID-19 के खिलाफ भारत की लड़ाई को बड़ा बूस्ट मिला है। भारत बायोटेक के ChAd36-SARS-CoV-S COVID-19 (चिंपांजी एडेनोवायरस वेक्टरेड) रीकॉम्बिनेंट नेजल वैक्सीन को आपातकालीन स्थिति में 18 साल से ज्यादा आयु वर्ग के उपयोग के लिए अनुमति दी गई है।  

उन्होंने आगे कहा कि यह कदम महामारी के खिलाफ हमारी सामूहिक लड़ाई को और मजबूत करेगा। भारत ने पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में COVID-19 के खिलाफ लड़ाई में अपने विज्ञान, अनुसंधान एवं विकास और मानव संसाधनों का उपयोग किया है। विज्ञान संचालित दृष्टिकोण और सबका प्रयास के साथ, हम कोविड-19 को हरा देंगे।