मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मेहगांव के पूर्व विधायक चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी का फेसबुक अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि हैकर उनके सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से फॉलोअर्स और शुभचिंतकों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग कर रहा है। इस घटना के सामने आने के बाद समर्थकों में चिंता का माहौल है।
गौरतलब है कि अक्टूबर माह में चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी ब्रेन हेमरेज से पीड़ित हो गए थे, जिसके बाद उन्हें हरियाणा के गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वे लंबे समय से वहीं उपचाररत हैं। स्वास्थ्य में आंशिक सुधार जरूर हुआ है, लेकिन अभी भी उनका इलाज जारी है। परिवारजन लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं।
बीमारी का हवाला देकर मांगे पैसे
इसी बीच उनके फेसबुक अकाउंट से संदिग्ध मैसेज भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। करीबी लोगों के अनुसार, हैकर बीमारी का हवाला देकर आर्थिक सहायता के नाम पर राशि मांगने की कोशिश कर रहा है। हालांकि जिले के अधिकांश लोग उनकी वास्तविक स्थिति से परिचित हैं और सतर्क हैं।
पुराण डेस्क