इंदौर एयरपोर्ट पर गर्मी से पिघला रनवे का डामर, 2 फ्लाइट भोपाल डायवर्ट


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

रनवे का डामर (बिटुमेन) पिघलने की घटना सामने आई, इसके बाद तुरंत उड़ानों का संचालन बंद कर सुधार कार्य कराया गया, इस दौरान दिल्ली और रायपुर से इंदौर आने वाली दो उड़ानों को भोपाल डायवर्ट करना पड़ा..!!

MP Indore News: प्रदेश में मार्च के पहले पखवाड़े में ही दिन का तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है। सोमवार को रतलाम में सबसे ज्यादा 39.2 डिग्री दर्ज किया गया। खजुराहो, धार, गुना, दमोह, सागर, श्योपुर और मंडला में तापमान 38 डिग्री या इससे ज्यादा रहा। वहीं, 5 बड़े शहरों में ग्वालियर और उज्जैन सबसे गर्म रहे। यहां तापमान 37 डिग्री के पार पहुंच गया। भोपाल में 36.8 डिग्री, इंदौर में 36.4 डिग्री और जबलपुर में 36 डिग्री रहा। मध्य प्रदेश के इंदौर में गर्मी के कारण एयरपोर्ट पर रनवे का डामर पिघल गया। इसके कारण 2 फ्लाइट्स को भोपाल डायवर्ट करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि सोमवार को रनवे का डामर (बिटुमेन) पिघलने की घटना सामने आई। इसके बाद तुरंत उड़ानों का संचालन बंद कर सुधार कार्य कराया गया। इस दौरान दिल्ली और रायपुर से इंदौर आने वाली दो उड़ानों को भोपाल डायवर्ट करना पड़ा। ये उड़ानें आधा घंटा बाद वापस इंदौर लौटीं। सुधार कार्य के लिए करीब 20 मिनट तक उड़ानों का संचालन पूरी तरह से बंद किया गया।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान की ओर से आ रही गर्म और शुष्क हवाएं और साफ आसमान के कारण ही तापमान बढ़ रहा है। तेज सोलर रेडिएशन के कारण जमीन तेजी से गर्म हो रही है। अगले दो-तीन दिन तापमान में और बढ़ोतरी की आशंका है।

मध्य प्रदेश में इन दिनों दो तरह का मौसम है। दिन इतने गर्म है कि पारा 39 डिग्री के पार पहुंच गया है, जबकि रात और सुबह ठंडक है। एक्सपर्ट के मुताबिक, ये मौसम लोगों की सेहत भी बिगाड़ रहा है। अस्पतालों में सर्दी, जुकाम, एलर्जी के मरीज ज्यादा पहुंच रहे हैं। सोमवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर समेत कई शहरों में दिन में 'लू' जैसी तपन रही। मंगलवार को भी तेज गर्मी का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, इस बार मार्च में पिछले साल की तुलना में ज्यादा गर्मी है। भोपाल, इंदौर, रीवा-शहडोल संभाग में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 से 2.7 डिग्री तक ज्यादा है। वहीं, ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, जबलपुर और नर्मदापुरम में पारा 3.1 से 4.6 डिग्री तक बढ़ा हुआ है। आधे से ज्यादा हिस्से में दिन का तापमान 35 डिग्री या इससे अधिक है।

हवा की रफ्तार बदली, इसलिए जल्दी गर्मी

वर्तमान में हवा की दिशा उत्तर-पूर्व से अब पश्चिम और उत्तर-पश्चिम हो गई है। वहीं, हवा में नमी बहुत कम है। साथ ही रेगिस्तानी इलाकों से मप्र पहुंचती है। यह अपने साथ गर्मी भी लाती है।

15 के बाद बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग ने 15 मार्च के बाद मौसम में बदलाव होने का अनुमान जताया है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से पूर्वी-दक्षिणी हिस्से में हल्की बूंदाबांदी और बादल छाए रह सकते हैं।

मार्च के दूसरे सप्ताह में पड़ती है गर्मी

प्रदेश में मार्च के दूसरे पखवाड़े में तेज गर्मी का ट्रेंड है। पिछले 10 साल में 15 मार्च के बाद ही तेज गर्मी पड़ी है, लेकिन इस बार ट्रेंड बदल गया है। दूसरे पखवाड़े की बजाय शुरूआत में ही पारे में उछाल आया है।

40 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा

मौसम विभाग की माने तो अगले 4 दिन के अंदर प्रदेश में अधिकतम तापमान 4 डिग्री तक बढ़ेगा। ऐसे में संभावना है कि मार्च के पहले ही पखवाड़े में प्रदेश में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच जाएगा।