टी-20 वर्ल्ड कप में सुपर-8 का 8वां मैच आज भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेला जाएगा। मुकाबला शाम 7 बजे से चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में शुरू होगा। टॉस शाम 6.30 बजे होना है। दोनों ही टीमों के लिए करो या मरो का मुकाबला है। हारने वाली टीम सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो जाएगी। जीतने वाली टीम के पास चांस बना रहेगा। जीतने वाली टीम को वेस्टइंडीज की हार का इंतजार भी है, अगर विंडीज आज का पहला मैच जीत गई तो रात का मैच जीतकर भी टीम की राह मुश्किल ही रहेगी।
सुपर-8 स्टेज में दोनों ही टीमों की शुरूआत खराब रही। भारत को साउथ अफ्रीका ने 76 रन से हराया। वहीं जिम्बाब्वे को वेस्टइंडीज ने 107 रन से हरा दिया।
भारत ने 77% मुकाबले जीते
भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी-20 फॉर्मेट में अब तक 13 मैच खेले गए, जिसमें टीम इंडिया ने 10 मुकाबले जीते। सिर्फ 3 मैच जिम्बाब्वे ने अपने नाम किए। दोनों टीमें टी-20 वर्ल्ड कप में इससे पहले एक ही बार 2022 में भिड़ी थीं, तब सूर्यकुमार यादव की नाबाद फिफ्टी के दम पर भारत ने मुकाबला जीत लिया था।
सूर्या भारत के टॉप स्कोरर
भारत के लिए टूनार्मेंट में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सबसे ज्यादा 180 रन बनाए हैं। उनके बाद ईशान किशन भी टॉप स्कोरर रहे। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती टॉप विकेट टेकर रहे। जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह ने उनका बखूबी साथ निभाया।
टीम में शामिल हो सकते हैं रिंकू
भारतीय बल्लेबाज रिंकू सिंह के पिता खानचंद लिवर कैंसर की बीमारी से जूझ रहे हैं। वे पिछले कुछ दिनों से नोएडा के अस्पताल में भर्ती हैं। मंगलवार को रिंकू भी पिता की तबियत खराब होने के बाद चेन्नई से नोएडा गए थे। इसके बाद से उनकी जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में उपलब्धता को लेकर अटकलें लग रही थीं। वहीं, आज के मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने बताया कि रिंकू मैच से पहले टीम से जुड़ सकते हैं।
पुराण डेस्क