IPL 2026: हैदराबाद का आज दिल्ली से मुकाबला, 8 प्वांइट्स का टारगेट


Image Credit : x

स्टोरी हाइलाइट्स

पॉइंट्स टेबल में दोनों ही टीमें 6-6 अंकों के साथ बराबरी पर हैं, हालांकि बेहतर रन रेट के कारण हैदराबाद चौथे स्थान पर है..!!

हैदराबाद: IPL 2026 में मंगलवार को सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स आमने-सामने होंगे। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में मैच शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। पॉइंट्स टेबल में दोनों ही टीमें 6-6 अंकों के साथ बराबरी पर हैं, हालांकि बेहतर रन रेट के कारण हैदराबाद चौथे स्थान पर है। दिल्ली चौथी जीत की तलाश में हैं। हैदराबाद की टीम अपने घर में जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से उतरेगी।

अब तक दोनों टीमों के बीच 26 मैच खेले गए हैं। इसमें हैदराबाद ने 13 और दिल्ली ने 11 मैच जीते हैं। जबकि एक मैच टाई रहा। इसे दिल्ली ने जीता। जबकि एक मैच बेनतीजा रहा। ऐसे में आज भी मुकाबले में कांटे की टक्कर दिखने की उम्मीद है। 

पैट कमिंस की कमी खलेगी

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए सबसे बड़ी चिंता कप्तान पैट कमिंस की अनुपलब्धता है। कमिंस स्क्वॉड के साथ जुड़ तो गए हैं, लेकिन इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। उनकी जगह ईशान किशन टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं। कमिंस की गैरमौजूदगी में टीम की गेंदबाजी यूनिट कमजोर नजर आ रही थी, लेकिन पिछले दो मैचों में प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन और शिवांग कुमार जैसे युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है।

ईशान मलिंगा ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ डेथ ओवरों में बेहतरीन बॉलिंग कर टीम को जीत दिलाने में मुख्य भूमिका निभाई थी। हैदराबाद की ओर से ईशान मलिंगा टॉप विकेट टेकर हैं। उन्होंने अब तक खेले 6 मैचों में 8 विकेट ले चुके हैं।

हैदराबाद का बैटिंग ऑर्डर फेल

गेंदबाजी में सुधार के बावजूद हैदराबाद की बल्लेबाजी अब भी संघर्ष कर रही है। ओपनर ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा और कप्तान ईशान किशन अब तक एक साथ बड़ी साझेदारी करने में नाकाम रहे हैं। टीम का 'हाई-रिस्क' एप्रोच कई बार उल्टा पड़ रहा है, जिससे मिडिल ऑर्डर जल्दी एक्सपोज हो जाता है। इसका खामियाजा हेनरिक क्लासन को भुगतना पड़ रहा है।

क्लासेन को जल्दी विकेट गिरने की वजह से संभलकर खेलना पड़ रहा है, जिससे वे अपनी स्वाभाविक आक्रामक पारी नहीं खेल पा रहे हैं। हालांकि, वह टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 6 मैचों में 144.38 की स्ट्राइक रेट से 283 रन बनाए हैं।

कुलदीप यादव की फॉर्म से टेंशन

दिल्ली के गेंदबाजी विभाग में वैरायटी तो है, लेकिन धार की कमी दिख रही है। मिचेल स्टार्क की अनुपलब्धता में साउथ अफ्रीकी पेसर लुंगी एनगिडी अटैक को लीड कर रहे हैं। उन्होंने 5 मैचों में 7 विकेट लिए हैं। कप्तान अक्षर पटेल बीच के ओवरों में रनों पर अंकुश लगा रहे हैं, लेकिन स्टार स्पिनर कुलदीप यादव अब तक उम्मीद के मुताबिक विकेट नहीं निकाल पाए हैं। मुकेश कुमार और टी. नटराजन ने टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन डेथ ओवरों में उनसे और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।