विधायक प्रीतम लोधी पर भड़के आईपीएस, एसोसिएशन ने की सख्त कार्रवाई की मांग


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

एसडीओपी आयुष जाखड़ पर इस तरह की टिप्पणी करने पर उनके सीनियर्स अफसरों ने एसोसिएशन के जरिए न सिर्फ आपत्ति जताई है, बल्कि चेतावनी भी दी है कि लोकतांत्रित व्यवस्था में यह स्वीकार्य नहीं है। एसोसिएशन ने लोधी पर सख्त कार्यवाही की मांग की है..!!

मध्य प्रदेश में शिवपुरी के पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी द्वारा करैरा एसडीओपी और उनके परिजनों पर की गई टिप्पण्यिों के साथ एसडीओपी के साथ प्रदेश की आईपीएस एसोसिएशन आ गई है। एसडीओपी आयुष जाखड़ पर इस तरह की टिप्पणी करने पर उनके सीनियर्स अफसरों ने एसोसिएशन के जरिए न सिर्फ आपत्ति जताई है, बल्कि चेतावनी भी दी है कि लोकतांत्रित व्यवस्था में यह स्वीकार्य नहीं है। एसोसिएशन ने लोधी पर सख्त कार्यवाही की मांग की है। 

एडीजी एवं आईपीएस एसोसिएशन के अध्यक्ष चंचल शेखर ने पत्र में लिखा कि पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी द्वारा करैरा एसडीओपी आयुष जाखड़ के संबंध में मीडिया में वायरल वीडियो में जिस प्रकार की अभद्र, अमर्यादित एवं धमकी भरी भाषा का प्रयोग किया गया है, वह अत्यंत निंदनीय एवं सार्वजनिक जीवन की गरिमा के विपरीत है। 

वीडियो में आयुष जाखड़ एवं उनके परिवार के प्रति की गई अपमानजनक टिप्पणियां तथा दी गई धमकियां अमर्यादित और अशोभनीय है। यह आचरण एक जनप्रतिनिधि के पद की मर्यादा के विपरीत है तथा इससे प्रशासनिक तंत्र एवं समस्त अधिकारियों के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

उन्होंने अपने पत्र के जरिये चेतावनी देते हुए लिखा कि इस प्रकार की अमर्यादित भाषा एवं धमकीपूर्ण व्यवहार किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार्य नहीं है और यह प्रशासनिक तंत्र की निष्पक्षता को आहत करता है। उन्होंने मांग की है कि लोधी पर कार्यवाही की जाए।