लंदन: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के लिए दौड़ अब तेज हो गई है। इस रेस में दो नाम बचे हैं पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक (Rishi Sunak) और विदेश मंत्री लिज ट्रूस (Liz Truss)। देश का अगला पीएम कौन होगा ये 5 सितंबर को पता लग पाएगा। भारतीय मूल के ऋषि सुनक (Rishi Sunak) प्रधानमंत्री पद की दौड़ में आगे चल रहे हैं। दो साल पहले पीएम बोरिस जॉनसन ने जिस शख्स को वित्त मंत्रालय का पदभार सौंपा था वो अब देश के इतने अहम पद का दावेदार हैं। सुनक की लोकप्रियता दो साल में बहुत बढ़ी है। खासकर महिलाओं और युवतियों के लिए वे पसंदीदा केंडिडेट हैं.
उनका नाम साल 2015 में उस समय ब्रिटेन के बाहर सुना गया जब उन्होंने पहली बार हाउस ऑफ कॉमन्स के लिए अपनी किस्मत आजमाई थी। फिर कोविड-19 लॉकडाउन ने उनकी लोकप्रियता को कई गुना कर डाला। सुनक की पॉपुलैरिटी की कई वजहें हैं. हाल ही में स्विंग वोटर्स के बीच एक सर्वे किया गया है जिनमें सुनक वोटर्स की लिस्ट में टॉप पर हैं। ये वोटर्स ही अब प्रधानमंत्री का फैसला करने वाले हैं।
हैशटैग ने बढ़ा दिए फॉलोवर्स
साल 2020 में कोविड-19 के दौरान जब पूरी दुनिया पहली बार लॉकडाउन का अनुभव कर रही थी उसी दौरान सुनक हर किसी की नजर में आने लगे। सुनक ने ग्रे हुडी के साथ वर्क फ्रॉम होम की अपनी फोटो ट्वीट की थी। सुनक की इस फोटो में उनकी सादगी ने लोगों का दिल जीत लिया। सूट की जगह हुडी में नजर आने वाले सुनक अपने काम में बिजी दिख रहे थे। अपनी इस फोटो से सुनक लोगों को ये बताना चाहते थे कि देश का वित्त भंडार फिलहाल सुरक्षित है और किसी को भी परेशान होने की जरूरत नहीं है।
इस फोटो के बाद ट्विटर पर #DishyRishi ट्रेंड शुरू हो गया। सुनक के ट्वीट और इस हैशटैग के बाद ब्रिटिश मीडिया में सुनक ही नजर आने लगे। कोई उनके लुक पर फिदा था तो कोई ये देखकर प्रभावित था कि वो एक फैमिली मैन हैं। इंस्टाग्राम पर उनके फालोअर्स की संख्या बढ़ने लगी और हर कोई उनके लेटेस्ट अपडेट्स देखने के लिए बेकरार रहने लगा। लाइफस्टाइल की पॉपुलर मैगजीन जीक्यू में उन पर आर्टिकल आया और राइटर ने लिखा, 'मैं ऋषि सुनक के बारे में कल्पना करती हूं. ये आर्टिकल पढ़ने के बाद भी आप भी करने लगेंगे।' एक स्कूल गर्ल ने ऋषि को अपना क्रश तक करार दे दिया। वोग मैगजीन में भी एक आर्टिकल आया। इसमें लिखा था कि सुनक आपको उस क्रश की याद दिलाते हैं जो कॉलेज के फर्स्ट ईयर में स्मार्ट, फोकस्ड और ईमानदार होता है. जिसकी आंखों में एक चमक होती है।'