MP News: किसान चौपाल के लिए बस चलाकर रीवा से भोपाल पहुंचे कांग्रेस के पूर्व विधायक


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के खिलाफ मंगलवार 24 फरवरी को भोपाल में कांग्रेस की किसान महाचौपाल है, भोपाल के जवाहर चौक पर होने वाली इस चौपाल को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी संबोधित करने जा रहे हैं..!!

Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की जनसभा है। इस सभा के लिए कांग्रेस में उत्साह दिखाई दे रहा है। यहां तक कि कांग्रेस के पूर्व विधायक सुखेन्द्र सिंह बन्ना खुद बस चला कर रीवा से भोपाल अपने कार्यकर्ताओं को रैली में शामिल करने के लिए लाए। पूर्व विधायक का स्वयं ड्राइविंग सीट पर बैठना चर्चा का मुख्य विषय रहा। बस ने सोमवार 23 फरवरी को दोपहर करीब 4 बजे मऊगंज से भोपाल के लिए प्रस्थान किया। सोशल मीडिया पर इस उत्साह को देखकर कहा जा रहा है कि यह बदली बदली सी कांग्रेस सरकार बदल देगी। 

भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के खिलाफ मंगलवार 24 फरवरी को भोपाल में कांग्रेस की किसान महाचौपाल है। भोपाल के जवाहर चौक पर होने वाली इस चौपाल को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी संबोधित करने जा रहे हैं। इस चौपाल में मुख्य रूप से भोपाल के आसपास के 11 जिलों के किसान सम्मिलित हो रहे हैं।। प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल हो रहे हैं। राहुल गांधी पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों और बड़े नेताओं के साथ संगठन सृजन सहित अन्य विषयों को लेकर बैठक भी कर सकते हैं। 

जवाहर चौक के सामने अटल पथ के दोनों तरफ की सड़कों पर बड़ा डोम लगाया गया है। कांग्रेस का दावा है कि करीब 50 हजार लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं।  मंच पर मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के साथ करीब 250 नेता बैठेंगे। इनमें एमपी कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश, कांग्रेस मीडिया डिपार्टमेंट के नेशनल चेयरमैन पवन खेड़ा भी रहेंगे।

एमपी को चुनने के लिए राहुल जी का धन्यवाद 

महाचौपाल की तैयारियां पूरी होने के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि इस ट्रेड डील से किसानों की गर्दन ट्रम्प की तलवार पर रख दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीन काले कानून वापस लेने पडे़ थे। वैसे ही यह ट्रेड डील भी वापस लेना पड़ेगी। राहुल जी और खड़गे जी को धन्यवाद। इस ट्रेड डील से सबसे ज्यादा किसान अगर कहीं प्रभावित हुए हैं तो मप्र में हुए हैं। सोयाबीन उत्पादक किसान सबसे ज्यादा हमारे यहां के हैं। हम सोया स्टेट थे। कपास, मक्का सबसे ज्यादा यहां पैदा होते हैं। 70% किसान इससे प्रभावित हैं तो उन्होंने मप्र को सबसे पहले चुना। मेरी और उनकी आपस में बात हुई। पार्टी ने निर्णय लिया और अब हम किसान की लड़ाई लड़ेंगे।