ट्राइडेंट के जरिए क्या ट्राई कर रही है आईटी ?


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

बुधनी में छापे के बाद कई सवाल..!

ट्राइडेंट ग्रुप पर आयकर विभाग की छापामार कार्रवाई के बाद इसकी राजनीतिक व प्रशासनिक हलचलें भी हैं। वजह यह कि ट्राइडेंट ग्रुप के साथ कई रसूखदार लोग परोक्ष या अपरोक्ष तौर पर जुड़े रहे हैं। बताया जाता है कि आयकर अमला आज अपनी कार्रवाई पूरी कर सभी दस्तावेजों को लेकर लौट रहा है। इससे पहले दो दिन तक बुधनी समेत देश के कई स्थानों पर छापेमारी हुई है।

माना जा रहा है कि बारीक पड़ताल मैं इस समूह के तार मप्र की कुछ बड़ी राजनीतिक शख्सियतों से और नौकरशाहों से जुड़ सकते हैं। उल्लेखनीय है कि पंजाब के प्रतिष्ठित ट्राइडेंट और क्रीमिका ग्रुप के कई ठिकानों पर छापे पड़े हैं। मप्र के बुधनी में कंपनी के कारखाने समेत नर्मदा इन होटल के दस्तावेज और लेनदेन का हिसाब मिलाने की कार्यवाही देर शाम तक जारी थी।

ट्राइडेंट ग्रुप ऊन, होम टेक्सटाइल, पेपर- स्टेशनरी, केमिकल्स वगैरह की एक बड़ी मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है। इसके मध्य प्रदेश, बुधनी, कई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट हैं। बताया तो यह भी जाता है कि इस समूह द्वारा निर्मित तौलिये व अन्य सामग्री अमेरिका में व्हाइट हाउस तक सप्लाई होती हैं।

पिछले डेढ दशक में इस समूह ने मप्र में कारोबार फैलाया है। यह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के निर्वाचन क्षेत्र में बड़ा प्लांट संचालित कर रहा है। सूत्रों का कहना है कि इस छापे से कई निशाने लग सकते हैं। वहीं पूर्व मुख्यसचिव अंटोनी डिसा का कंपनी से जुड़ाव सामने आने के बाद एक पूर्व मुख्यमंत्री तक भी तार जुड़ने की अटकलें लगने लगी हैं।

ट्राइडेंट और क्रीमिका ग्रुप के लुधियाना, बरनाला व हरियाणा के फतेहबाद, हिसार एवं मध्य प्रदेश के सीहोर समेत 25 जगह पर जांच की गई है। वहीं, लुधियाना स्टॉक एक्सचेंज (एलएसई) स्टॉक एक्सचेंज कारोबारी के दफ्तरों में भी रेड की गई। टीम ने फाइलें, दस्तावेज व कंप्यूटर आदि अपने कब्जे में लेकर पूछताछ की। स्टॉक एक्सचेंज में कई कारोबारियों के टैक्स में चोरी की सूचना के बरनाला और धौला और पंजाब में चलते यह छापा मारा है।