इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू न कहा है कि उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात हुई है। नेतन्याहू ने स्पष्ट किया कि दोनों नेता एक ऐसे समझौते के माध्यम से युद्ध के लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में काम करेंगे, जो इजरायल के महत्वपूर्ण हितों को सुरक्षित रखेगा। हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने ईरान और लेबनान पर सैन्य कार्रवाई जारी रखने का दृढ़ संकल्प भी दोहराया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट शेयर करते हुए नेतन्याहू ने लिखा- आज मैंने अपने मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात की। राष्ट्रपति ट्रंप का मानना है कि अमेरिकी सेना के साथ मिलकर हमने जो शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं, उनका लाभ उठाकर एक समझौते के माध्यम से युद्ध के लक्ष्यों को पूरा करने का अवसर है। इसी बीच, हम ईरान और लेबनान दोनों जगह हमले जारी रखे हुए हैं। हम उनके मिसाइल और परमाणु कार्यक्रमों को नष्ट कर रहे हैं और हिजबुल्लाह को लगातार करारे झटके दे रहे हैं। कुछ ही दिन पहले, हमने दो और परमाणु वैज्ञानिकों को ढेर किया है और हमारे अभियान अभी भी सक्रिय हैं। हम हर परिस्थिति में अपने महत्वपूर्ण हितों की रक्षा करेंगे।
ट्रंप का बड़ा फैसला: ईरान पर सैन्य हमले 5 दिन के लिए टले
एक बेहद महत्वपूर्ण घटनाक्रम में, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को घोषणा की कि उन्होंने 'युद्ध विभाग' को ईरान के बिजली संयंत्रों और ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर होने वाले सैन्य हमलों को पांच दिनों के लिए स्थगित करने का निर्देश दिया है। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि यह स्थगन वर्तमान में चल रही चचार्ओं की सफलता पर निर्भर करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि मध्य पूर्व में शत्रुता को पूरी तरह से समाप्त करने के मुद्दे पर संयुक्त राज्य अमेरिका और ईरान के बीच बहुत अच्छी और उत्पादक बातचीत हुई है।
युद्ध चौथे सप्ताह में प्रवेश कर चुका है। इस संघर्ष में 2,000 से अधिक लोग मारे गए हैं, वैश्विक अर्थव्यवस्था हिल गई है, तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं और दुनिया के कुछ सबसे व्यस्त हवाई मार्गों को खतरा पैदा हो गया है। ईरान ने कहा था कि वह पूरे पश्चिम एशिया में बिजली संयंत्रों को निशाना बनाएगा। वहीं ट्रंप ने कहा था कि महत्वपूर्ण जलमार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोले जाने पर अमेरिका, ईरान में ऊर्जा संयंत्रों पर हमले करेगा।
ईरान बोला- मुआवजा मिलने तक जंग जारी रहेगी
ईरान ने कहा है कि वह मौजूदा संघर्ष में पीछे हटने वाला नहीं है और जब तक उसे हुए नुकसान की भरपाई नहीं मिलती, तब तक जंग जारी रहेगी। ईरानी सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई के वरिष्ठ सैन्य सलाहकार मोहसिन रजेई ने कहा कि ईरान की शर्तें स्पष्ट हैं, सभी आर्थिक प्रतिबंध हटाए जाएं और अमेरिका की ओर से भविष्य में किसी भी तरह की दखलंदाजी न करने की ठोस गारंटी दी जाए।
पुराण डेस्क