भोपाल: राज्य सरकार ने लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई जाने वाली सड़कों एवं पुलों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिये नवीन व्यवस्था की है जिसके तहत सिर्फ सरकारी रिफायनरियों से खरीदे गये बिटुमिन का ही उपयोग किया जा सकेगा। यह व्यवस्था 8 सितम्बर 2025 के बाद से की गई है तथा इस तिथि के बाद प्रमुख अभियंता लोनिवि एवं प्रबंध संचालक मप्र सडक़ विकास निगम द्वारा कितने निर्माण कार्यों में खरीदे बिटुमिन का उपयोग किया गया है, उसके देयक तलब कर लिये गये हैं।
यदि गैर सरकारी संस्थाओं से बिटुमिन खरीदा गया है तो उसके बिल भुगतान नहीं होंगे और यदि बिल भुगतान कर दिया गया है तो उसके लिये संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जायेगी। उल्लेखनीय है कि बिटुमिन कच्चे तेल के शोधन से प्राप्त एक अत्यधिक गाढ़ा, चिपचिपा, काला और जलरोधी हाइड्रोकार्बन पदार्थ है। यह मुख्य रूप से सडक़ निर्माण में डामर के लिए बाइंडिंग एजेंट के रूप में और वाटरप्रूफिंग के लिए इस्तेमाल होता है। यह डामर या कोलतार के रूप में भी जाना जाता है।
डॉ. नवीन आनंद जोशी