पीएम मोदी गुरुवार को पश्चिम बंगाल में तीन रैलियां कर रहे हैं। भाजपा उन इलाकों में अपना समर्थन मजबूत करने की कोशिश कर रही है, जहां उसे बड़ी सफलता मिली है। इसके अलावा वहां भी पैठ बनाने की कोशिश है जिसे सत्ताधारी टीएमसी का गढ़ माना जाता है।
मोदी ने अपनी पहली रैली सुबह 9.30 बजे पूर्वी मेदिनीपुर जिले के हल्दिया टाउनशिप में की। इसके बाद, दोपहर में आसनसोल के पोलो ग्राउंड स्थित आउटडोर स्टेडियम गए। तीसरी जनसभा दोपहर 2 बजे बीरभूम जिले के सिउड़ी में की।
हल्दिया को नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी का गृह क्षेत्र माना जाता है और यह राज्य में इखढ के सबसे मजबूत गढ़ों में से एक है। पार्टी ने 2021 के विधानसभा चुनावों में पूर्वी मेदिनीपुर जिले की 16 में से 8 विधानसभा सीटें जीती थीं और 2024 के आम चुनावों में इस जिले की दोनों लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की थी।
बीरभूम जिले को टीएमसी का गढ़ माना जाता है। बीरभूम में सत्ताधारी पार्टी का प्रभाव रहा है हालांकि जिले के कुछ हिस्सों में लंबे समय से आरएसएस का संगठनात्मक नेटवर्क मौजूद है। भाजपा यहां एंटी इनकम्बेंसी का फायदा उठाना चाहती है।
ममता बैनर्जी ने भरा नामांकन
इधर, सीएम ममता बनर्जी ने बुधवार को भवानीपुर विधानसभा सीट से नामांकन भरा। भाजपा ने इसी सीट से सुवेंदु अधिकारी को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा सुवेंदु नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे है। 2021 में उन्होंने ममता को यहां से हराया था।
दो मुंह वाले कोबरा और विषैले सांपों से सावधान
नामांकन भरने के बाद ममता बनर्जी ने भाजपा पर बंगालियों के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हम सभी को दो ‘मुंह वाले कोबरा और विषैले सांपों’ से सावधान रहना चाहिए। पश्चिम बंगाल में मतदान दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होगा, जबकि परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
पुराण डेस्क