बांधवगढ़ प्रबंधन पर सवाल: कोर क्षेत्र में मोबाइल उपयोग का वीडियो वायरल


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

सहायक संचालक दिलीप मराठा की विवादित कार्य शैली पर उठे नए सवाल..!!

भोपाल: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक पर्यटन दिलीप कुमार मराठा के नियम विरुद्ध कार्य शैली के कारण एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गया है। इस बार मामला टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में सफारी के दौरान मोबाइल फोन के कथित उपयोग से जुड़ा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों ने पर्यटन प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

13 मार्च 2026 की शाम की सफारी के दौरान ताला जोन में वीआईपी पर्यटकों के साथ भ्रमण के समय चर्चित ‘बजरंग’ टाइगर दिखाई दिया। इसी दौरान वायरल वीडियो में टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक (ताला) दिलीप कुमार मराठा कथित रूप से मोबाइल फोन से टाइगर की फोटो और वीडियो बनाते हुए नजर आ रहे हैं।

मामले को इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि 17 नवंबर 2025 को सर्वोच्च न्यायालय ने संरक्षित क्षेत्रों में वन्यजीवों के प्राकृतिक व्यवहार में किसी भी प्रकार का अनावश्यक हस्तक्षेप रोकने के उद्देश्य से पर्यटन गतिविधियों पर सख्त दिशा-निर्देश लागू करने पर जोर दिया था। ऐसे में संरक्षित क्षेत्र के भीतर मोबाइल फोन के उपयोग को लेकर उठे सवालों ने पूरे प्रकरण को चर्चा में ला दिया है। सफारी में मौजूद कुछ पर्यटकों ने भी इस पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि जब सफारी के दौरान गाइड और वन अमला पर्यटकों को मोबाइल फोन के उपयोग को लेकर सख्ती से निर्देश देता है, तो अधिकारियों द्वारा स्वयं इसका उपयोग किए जाने पर सवाल उठना स्वाभाविक है।