चुनाव से पहले कोलकाता डीसीपी के घर रेड, रंगदारी-सिंडिकेट रैकेट से जुड़े हैं तार


Image Credit : x

स्टोरी हाइलाइट्स

शांतनु सिन्हा बिस्वास इससे पहले लंबे वक्त तक कालीघाट पुलिस स्टेशन के इंचार्ज के तौर पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं..!!

चुनावी गहमागहमी के बीच पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में पुलिस अधिकारी के घर छापेमारी हुई है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडब्) के अधिकारियों ने रविवार सुबह करीब 6:00 बजे कोलकाता पुलिस के डिप्टी कमिश्नर शांतनु सिन्हा बिस्वास के बालीगंज स्थित फर्न रोड फ्लैट पर छापेमारी की। शांतनु सिन्हा बिस्वास इससे पहले लंबे वक्त तक कालीघाट पुलिस स्टेशन के इंचार्ज के तौर पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। 

रंगदारी और सिंडिकेट से जुड़ा है मामला

जानकारी के मुताबिक यह जांच मुख्य रूप से रंगदारी और सिंडिकेट रैकेट में अधिकारी की कथित संलिप्तता के इर्द-गिर्द घूम रही है। जांच एजेंसी को शक है कि इस सिंडिकेट में ‘सोनापप्पू’ जैसे अपराधी शामिल हैं, जो शहर में एक्टिव थे। एजेंसी का आरोप है कि इन अपराधियों द्वारा रंगदारी और वसूली के जरिए जुटाए गए फंड का एक बड़ा हिस्सा डिप्टी कमिश्नर शांतनु सिन्हा बिस्वास तक पहुंचता था। 

शांतनु सिन्हा बिस्वास के कालीघाट पुलिस स्टेशन में लंबे कार्यकाल को भी जांच के दायरे में देखा जा रहा है। ईडी अधिकारी इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि उस दौरान हुए वित्तीय लेन-देन और सिंडिकेट गतिविधियों में उनकी क्या भूमिका थी।

अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान मिली जानकारी इस मामले की कड़ियों को जोड़ने में अहम साबित होगी। यह पहली बार नहीं है, जब शांतनु सिन्हा बिस्वास जांच के दायरे में आए हैं। इससे पहले कोयला तस्करी मामले के सिलसिले में उन्हें दिल्ली तलब किया गया था।