भोपाल: राज्य के वन विभाग की स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स ने काले हिरण व चिंकारा का शिकार करने वाले संगठित गिरोह के सदस्य रिजवान को भोपाल से गिरफ्तार किया है।
दरअसल रिजवान पिता रमजान निवासी छोला रोड भोपाल को गत 3 फरवरी को थाना गौतम नगर द्वारा आम्र्स एक्ट के प्रकरण में गिरफ्तार किया गया था। स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स द्वारा न्यायालय न्यायिक दंडाधिकारी की अनुमति से केन्द्रीय जेल भोपाल में आरोपी की औपचारिक गिरफ्तारी की गई और इसके बाद न्यायालय के आदेश से ही फॉरेस्ट रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपी से वन्यजीव अवयव एवं अन्य सामग्री की जप्ती की गई। इसके बाद बुधवार को न्यायिक अभिरक्षा में केन्द्रीय जेल भोपाल भेजा गया। इस प्रकार प्रकरण में कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है। इस आरोपी के बारे में किशनगंज जिला इंदौर से वन्यजीवों के मांस की तस्करी करने वाले आरोपियों को 65 किग्रा, 1 नग देसी पिस्टल, 3 जिंदा कारतूस एवं 1 नग चार पहिया वाहन टोयोटा इनोवा क्रिस्टा क्रमांक एमएच-02-ईपी-4223 के साथ पकड़े जाने के बाद जानकारी मिली थी।
कछुओं की तस्करी करने वाला मुख्य सरगना लखनऊ गिरफ्तार :
इधर टाइगर स्ट्राइक फोर्स ने रेल गाड़ी संख्या 19322 पटना इंदौर एक्सप्रेस के प्रथम श्रेणी वातानकूलित श्यानयान (फस्र्ट एसी कोच) में संत हिरदाराम स्टेशन से 1 आरोपी अजय सिंह राजपूत बल्द राजकुमार के पास से 311 नग दुर्लभ प्रतिबंधित प्रजाति के जीवित कछुओं को जप्त किये थे। पूछताछ के आधार पर इस संगठित गिरोह के आरोपी एक बालक को लखनऊ से अभिरक्षा में लिया गया और उसे किशोर न्याय बोर्ड भोपाल में प्रस्तुत कर संप्रेक्षण गृह भोपाल भेजा गया। इसी प्रकरण के अन्य फरार आरोपी आसिफ खान को देवास शहर को गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय एसटीएसएफ में पेश कर फॉरेस्ट रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। यह मुख्य सरगना है।
डॉ. नवीन आनंद जोशी