वाराणसी. काशी विश्वनाथ मंदिर में सावन के महीने में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है. शनिवार को और ज्यादा भीड़ बढ़ने से श्रद्धालुओं और सेवादारों में जमकर मारपीट हो गई. मामला बमुश्किल शांत हुआ. इधर मंदिर के सेवादारों ने मामले में पुलिस के असहयोग की शिकायत की. दर्शनार्थियों ने भी अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत थाने में की है. इस मारपीट का वीडियो भी वायरल हो गया है.
काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में शनिवार देर शाम जब सेवादार और दर्शनार्थी आपस में भिड़ गए. सप्तर्षि आरती के समय यह मारपीट हुई.बताते हैं कि शाम को जब काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में सप्तर्षि आरती का समय हो रहा था तो गर्भगृह को बंद कराया जा रहा था. उसी समय दो दर्शनार्थी गुस्सा गए और गर्भगृह में प्रवेश को व दर्शन करने की जिद करने लगे. ये दोनों भक्त सेवादारों से भी उलझ गए. इतना ही नहीं मंदिर के सेवादारों और दर्शनार्थियों के बीच विवाद के बाद गर्भगृह के भीतर ही मारपीट भी शुरू हो गई.