सेन होंगे वन बल प्रमुख, समिता होंगी वन्य प्राणी प्रमुख


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

1991 बैच के आईएफएस एवं वन्य प्राणी प्रमुख शुभ रंजन सेन को वन बल प्रमुख बनाने जा रही है, सेन के वन बल प्रमुख बनने के साथ ही समिता राजौरा को पीसीसीएफ वन्य प्राणी प्रमुख बनाया जा सकता है। सेन के नाम की औपचारिक घोषणा शेष है..!!

भोपाल: राज्य सरकार पहली बार जंगल महकमे में दो सीनियर पीसीसीएफ को सुपरसीट कर 1991 बैच के आईएफएस एवं वन्य प्राणी प्रमुख शुभ रंजन सेन को वन बल प्रमुख बनाने जा रही है। सेन के वन बल प्रमुख बनने के साथ ही समिता राजौरा को पीसीसीएफ वन्य प्राणी प्रमुख बनाया जा सकता है। सेन के नाम की औपचारिक घोषणा शेष है।

सूत्रों के अनुसार दिल्ली की एक लॉबी विशेष के दबाव में वाइल्ड लाइफ एक्सपर्ट पीसीसीएफ शुभरंजन सेन को वन बल प्रमुख बनाने संबंधित आदेश 26-27 फरवरी तक जारी होने की संभावना है। सेन की पोस्टिंग के साथ दो और बड़े बदलाव किए जाने की संभावना है। पहला बदलाव 1990 बैच पीसीसीएफ विभाष ठाकुर की पदस्थापना को लेकर है। सेन से सीनियर होने की वजह से ठाकुर को पीसीसीएफ अनुसंधान एवं विस्तार से हटाकर प्रतिनियुक्ति पर लघु वनोपज संघ अथवा वन विकास निगम में पोस्टिंग करनी होगी। यहां यह उल्लेखनीय है कि एसीएस रह चुके अशोक वर्णवाल की नाराजगी के चलते विभाष ठाकुर की पदस्थापना लगातार बदलती रही। वर्णवाल की नाराजगी इतनी अधिक थी कि कैडर में निर्धारित पोस्ट के विपरीत पदस्थापनाएं होती रही। 

अभी एक महीने पहले ही ठाकुर को अनुसंधान एवं विस्तार में पोस्टिंग की गई थी। इसी प्रकार वर्णवाल के दूसरे कोपभाजक सीनियर आईएफएस एचयू खान बने थे। खान कैडर में सबसे सीनियर आईएफएस होते हुए भी वन बल प्रमुख नहीं बन पाए। खान के हॉफ नहीं बनाए जाने की संभावना से 80 प्रतिशत आईएफएस अधिकारी अत्यंत दुखी है। जंगल महकमे के स्थापना काल से अब तक पहली बार हॉफ पद पर 2 बैच जूनियर आईएफएस को पदस्थ किया जा रहा है। 

एक महीने के रेनू की वापसी

1990 बैच की आईएफएस रेनू सिंह एक मार्च को मप्र लौट रहीं हैं। सिंह वर्तमान में प्रति नियुक्ति पर डायरेक्टर आईसीएफआरई के पद पर पदस्थ हैं। एक मार्च को रेनू सिंह के लौटने पर वन विकास निगम में अपर प्रबंध संचालक अर्चना शुक्ला का पीसीसीएफ के पद पर होने वाला प्रमोशन एक महीने के लिए टल गया। रेनू सिंह अप्रेल में रिटायर्ड होगी। उसके बाद ही श्रीमती शुक्ला प्रमोट हो पाएंगी।