विराट की पारी पर फ़िदा कीवीज़ कप्तान, बताया हार का कारण


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

लैथम ने आगे कहा कि आखिरी 10 ओवरों में हम अपना रास्ता भटक गए..!

विश्व कप 2023 के 21वें मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई। धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 273 रन बनाए। भारत ने छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज़ विराट कोहली शतक से भले ही चूक गए हों लेकिन अपनी मैच जिताऊ पारी से विराट ने सभी का दिल जीत लिया। विराट कोहली ने 104 गेंदों में आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 95 रन बनाए और टीम इंडिया की विश्व कप में पांचवी जीत को तय कर दिया।

विराट की इस पारी पर न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम भी फ़िदा नज़र आये। उन्होंने भारत के मजबूत प्रदर्शन को स्वीकार करते हुए कहा कि उनकी टीम ने कुल मिलाकर अच्छा खेला लेकिन आखिरी 10 ओवरों में लय खो दी। उनका मानना ​​है कि डेथ ओवरों में भारत के शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के कारण वे 30-40 रन कम रह गए।

लैथम ने आगे कहा कि आखिरी 10 ओवरों में हम अपना रास्ता भटक गए। भारत ने उस चरण में वास्तव में अच्छी गेंदबाजी की। हम पिछले दस मैचों में अधिक साझेदारियां नहीं बना सके और इसलिए बराबरी का स्कोर हासिल करने में असफल रहे। लैथम ने भारत की बल्लेबाजी की भी प्रशंसा की और विशेष रूप से विराट की शानदार पारी की सराहना की।

लेथम ने कहा कि विराट कोहली ने लक्ष्य का पीछा करते हुए एक बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने पारी की गति को नियंत्रित किया और बाकी लोगों को उनके आसपास बल्लेबाजी करने की अनुमति दी। हमारी हर प्लान का विराट के पास जवाब था। अब अगले मैच के लिए हमें ड्राइंग रूम में वापस जाने और छोटी-छोटी चीजों को व्यवस्थित करने की जरूरत है।