IND vs ENG: टीम इंडिया को स्पीड की चुनौती, अंग्रेजों के खिलाफ सेमी पर नज़र


स्टोरी हाइलाइट्स

भारत ने अब तक अपने शुरुआती सभी पांच मैच जीते

वर्ल्ड कप 2023 में रविवार को टीम इंडिया का सामना इंग्लैंड से होगा। लखनऊ के एकाना स्टेडियम में टीम इंडिया की निगाहें इस मुकाबले को जीत सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का करने पर होंगी। वहीं इंग्लैंड अपने सम्मान को वापस पाने मैदान में उतरेगा।

भारत ने अब तक अपने शुरुआती सभी पांच मैच जीते हैं और 10 पॉइंट्स के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है। वहीं इंग्लैंड को पांच में से केवल एक में जीत मिली और बाकी के चार मैचों में हार का सामना करना पड़ा। इंग्लिश टीम 10वें और आखिरी स्थान पर है। आज जीत से टीम  इंडिया के 12 पॉइंट्स हो जाएंगे और उसका सेमीफाइनल में प्रवेश लगभग तय हो जाएगा।

हालांकि इस मुकाबले में टीम इंडिया को इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज कड़ी चुनौती दे सकते हैं। आज लाल मिट्टी से बनी हुई पिच पर मुकाबला खेला जाएगा। इस  पिच पर गति और उछाल के साथ मूवमेंट भी मिलता है। ऐसे में यह तेज गेंदबाजों के मददगार होती है। पिच पर थोड़ी घास भी नजर आ रही है जो तेज़ गेंदबाजों को मदद पहुंचाती है।

बाकी मैदानों के मुकाबले यहां गेंदबाज ज्यादा सफल रहे हैं। अब तक तीनों मैचों में यहां बल्लेबाजों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। आज के मैच में भी पिच चाहे अलग हो लेकिन बल्लेबाजों को गेंदबाजों के सामने संघर्ष करना पड़ सकता है।

इस मैदान पर अब तक 7 वनडे मुकाबले खेले गए हैं। इनमें चार बार बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है। इन सात मैचों में महज एक बार यहां 300 का आंकड़ा पार हुआ है।  इस मैदान पर निम्नतम स्कोर 177 रहा है जो इसी वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया ने बनाया था।