17 घरेलू एवं 8 विदेशों के लिये मप्र से आर्थिक अनुदान वाली वायुसेवा प्रारंभ करने का फिर टेण्डर निकला


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

नवीन विमानन नीति के तहत 17 घरेलू एवं 8 विदेशों के लिये मप्र से आर्थिक अनुदान वाली वायुसेवा प्रारंभ करने का फिर टेण्डर निकला है जिसमें 25 फरवरी तक बिड देनी होगी। पिछली बार निकाले टेण्डर में सिर्फ रीवा से यह वायुसेवा प्रारंभ हुई थी..!!

भोपाल: राज्य सरकार के विमानन विभाग ने अपनी नवीन विमानन नीति के तहत 17 घरेलू एवं 8 विदेशों के लिये मप्र से आर्थिक अनुदान वाली वायुसेवा प्रारंभ करने का फिर टेण्डर निकला है जिसमें 25 फरवरी तक बिड देनी होगी। पिछली बार निकाले टेण्डर में सिर्फ रीवा से यह वायुसेवा प्रारंभ हुई थी।

दूसरे टेण्डर में मप्र के विमानतल जबलपुर, ग्वालियर, रीवा, भोपाल, इंदौर, सतना, खजुराहो एवं दतिया से अन्य राज्यों में रायपुर, लखनऊ, वाराणसी, पटना, जम्मू, कलकत्ता, चेन्नई, जयपुर, गोवा, भुवनेश्वर, रांची, अमृतसर एवं चंडीगढ़ हेतु घरेलू तथा सिंगापुर, कुआलालम्पुर, जेद्दाह, अबुधाबी, दुबई, शारजहा एवं दोहा हेतु विदेशी वायुसेवा प्रारंभ करने के लिये निजी एयरलाईन कंपनियों से दरें आमंत्रित की गई हैं। 

बदले में इन एयरलाईन कंपनियों को 50 सीटर या इससे अधिक सीट की घरेलू वायुसेवा प्रारंभ करने पर 750 किमी तक के लिये एक हजार रुपये प्रति किलोमीटर प्रति राउण्ड ट्रिप अधिकतम साढ़े सात लाख रुपये एवं 750 किमी से अधिक की वायुसेवा देने पर 1 हजार रुपये प्रति किलोमीटर प्रति राउण्ड ट्रिप अधिकतम 10 लाख रुपये आर्थिक अनुदान दिया जायेगा। 

जबकि अंतर्राष्ट्रीय उड़ाने संचालित करने पर 180 सीटर वायुसेवा शुरु करने के लिये 1 हजार किलोमीटर तक हेतु 1 हजार रुपये प्रति किलोमीटर प्रति राउण्ड ट्रिप अधिकतम 10 लाख रुपये एवं 1 हजार किलोमीटर से अधिक दूरी की उड़ाने शुरु करने पर 1 हजार रुपये प्रति किलोमीटर प्रति राउण्ड ट्रिप अधिकतम 15 लाख रुपये आर्थिक अनुदान सरकार की ओर से दिये जायेंगे।