भोपाल: प्रदेश के पीथमपुर स्थित केंद्र सरकार के नेट्रेक्स के हाईस्पीड ट्रेक से 100 नील गायों को अन्यत्र बसाने की वन विभाग ने अनुमति प्रदान कर दी है। इसके लिये वन विभाग की वाईल्ड लाईफ शाखा ने अनुमति मांगी थी। उल्लेखनीय है कि पीथमपुर में केंद्र सरकार के अधीन राष्ट्रीय अटोमोटिव परीक्षण ट्रेक सेंटर यानि नेट्रेक्स बना हुआ है जोकि 3 हजार एकड़ में फैला हुआ है और इसमें 11.3 किमी लम्बा हाईस्पीड फोरलेन ट्रेक है जिसमें वाहनों को उच्च गति अर्थात 300 किमी प्रति घण्टा तक का परीक्षण किया जाता है।
इस केंद्र में लगभग 25-30 नीलगाय हाई स्पीड ट्रैक के अंदर तथा 35-40 नीलगाय बाहर परिसर में मौजूद हैं। वर्ष 2023 में 100 तथा 2025 में 50 नीलगायों को पकडऩे की अनुमति वन विभाग को मिली थी, जिनमें से अब तक 107 नीलगायों को सफलतापूर्वक पकड़ा और स्थानांतरित किया जा चुका है। इस सेंटर ने वन विभाग से साउथ अफ्रीकन बोमा की व्यवस्था, 2-3 वन विभाग के ट्रांसलोकेशन वाहन, दो पशु चिकित्सकों की तैनाती, प्रशिक्षित श्वान दल की तैनाती की मांग करते हुए नीलगायों का स्थानांतरण कार्य सम्पादित करने की अनुमति चाही थी जिस पर वन विभाग ने अनुमति देते हुये कहा है कि समस्त वित्तीय व्यवस्थायें नेट्रेक्स के माध्यम से की जायेंगी एवं 100 नीलगायों को वन क्षेत्र में छोडऩे की कार्यवाही वन अधिकारी/वन्यजीव चिकित्सक की देखरेख में होगी।
डॉ. नवीन आनंद जोशी