ट्रंम्प की धमकी बेअसर, ईरान बोला-हमले बढ़े तो ठप करेंगे ग्लोबल सप्लाई


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

एक रिपोर्ट के मुताबिक ईरान ने कहा है कि वह होर्मुज के अलावा दूसरे समुद्री रास्तों को भी निशाना बना सकता है..!!

ईरान ने धमकी दी है कि अगर अमेरिका और इजराइल के हमले बढ़े तो वह ग्लोबल सप्लाई चेन को ठप कर देगा। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान ने कहा है कि वह होर्मुज के अलावा दूसरे समुद्री रास्तों को भी निशाना बना सकता है।

ईरानी सुप्रीम लीडर के सलाहकार अली अकबर वेलायती ने कहा कि किसी भी बड़ी कार्रवाई का जवाब सिर्फ सैन्य स्तर पर नहीं, बल्कि वैश्विक ऊर्जा और व्यापार पर असर डालकर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिर्फ स्ट्रेट ऑफ होर्मुज ही नहीं, बल्कि बाब-अल-मंदेब जैसे अहम समुद्री रास्ते भी खतरे में आ सकते हैं।

यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को होर्मुज स्ट्रेट खोलने का अल्टीमेटम दिया है और कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। इससे पहले ईरान के करीबी माने जाने वाले यमन के हूती विद्रोही रेड सी में जहाजों पर हमले की बात कह चुके हैं।

ट्रम्प ने ईरान को नरक जैसे हालात में पहुंचाने की धमकी दी

ट्रम्प ने ईरान को बास्टर्ड कहते हुए होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोलने पर बड़ा हमला करने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि अगर ईरान ने होर्मुज नहीं खोला तो वो उसे नरक बना देंगे। इसके साथ ही उन्होंने ईरान में पावर प्लांट और पुलों पर हमला करने की बात कही।

ट्रम्प ने रविवार को सोशल मीडिया पर लिखा कि ईरान में मंगलवार को पावर प्लांट डे और ब्रिज डे एक साथ होगा यानी हमला होगा। ईरान होर्मुज स्ट्रेट खोले दे, नहीं तो नरक जैसे हालात में पहुंच जाएगा।

ईरान की राजधानी पर अमेरिका-इजराइल का हमला, 4 की मौत

ईरान की राजधानी तेहरान में वर-इजराइल के हमले में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य घायल हुए हैं। यह हमला पूर्वी तेहरान के एक रिहायशी इलाके में हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले में 3 रिहायशी यूनिट पूरी तरह तबाह हो गईं, जबकि करीब 50 इमारतों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। हमले के बाद रेस्क्यू टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रही हैं और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इससे पहले फार्स और तस्नीम न्यूज एजेंसियों ने तेहरान के बहारेस्तान इलाके में हुए एक अन्य हमले में कम से कम 13 लोगों की मौत का दावा किया था।

इजराइल के हाइफा में हमले के बाद मलबे से 2 शव बरामद

इजराइल के हाइफा शहर में ईरानी मिसाइल हमले के बाद मलबे से 2 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। वहीं, 2 लोग अब भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है। रविवार शाम हुए हमले के बाद से रेस्क्यू टीमें लगातार मलबे में खोजबीन कर रही हैं। आशंका है कि लापता लोग उसी अपार्टमेंट में थे, जो हमले में सबसे ज्यादा क्षतिग्रस्त हुआ। मिसाइल इमारत के निचले हिस्से में लगी, जिससे ऊपर के फ्लैट्स ढह गए और भारी तबाही हुई। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मलबे में मिसाइल के अनफटे हिस्सों की मौजूदगी की भी आशंका जताई गई है, जिससे काम और मुश्किल हो गया है।