Ujjain News: मध्य प्रदेश के उज्जैन में रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। श्री कृष्ण-सुदामा रंगोत्सव मेले में मुख्यमंत्री जिस स्टेज पर मौजूद थे, उससे सिर्फ़ 15 फ़ीट दूर सिंधी कॉलोनी चौराहे के पास एक ज़ोरदार धमाका हुआ।
मेले के दौरान भीड़ में रोड डिवाइडर के पास किसी ने रंगीन धुएँ वाला स्काई शॉट पटाखा फोड़ दिया। इससे ज़ोरदार धमाका हुआ और दहशत फैल गई। कई लोग डर के मारे गिर पड़े। कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
मुख्यमंत्री यादव के स्वागत के दौरान मंच के पास कलरर्ड फायर शॉट फोड़ने से दस लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन को इंदौर रेफर किया गया। नीलगंगा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, रविवार को प्रशासन ने श्री कृष्ण सुदामा रंगोत्सव का आयोजन किया था। मुख्यमंत्री यादव के प्रोग्राम में स्वागत के लिए संतराम सिंधी कॉलोनी चौराहे पर एक स्टेज बनाया गया था। जब मुख्यमंत्री का स्वागत हो रहा था, तो स्टेज से कुछ फीट दूर किसी ने फायर शॉट चला दिया। धमाके से धुआं और आग फैल गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में दस लोग घायल हो गए। पुलिस ने अनजान लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
महावीर बाग के रहने वाले आशीष धौलपुरे, फाजलपुरा के रहने वाले रघुवीर सिंह गोयल, अवंतीपुरा के राजेंद्र भाटिया, वसंत विहार के देवेंद्र चौहान, जमालपुरा के BJP मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र अंजना, महालक्ष्मी नगर के जितेंद्र कीर, प्रशांत यादव, गोपाल जाट और दो अन्य लोग पटाखे फोड़ने में घायल हो गए। उनमें से सात को तीन बत्ती चौकड़ी के पास एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। तीन अन्य को गंभीर चोटों के कारण इंदौर रेफर किया गया।
CM के प्रोग्राम के बाद, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और SP प्रदीप शर्मा घायलों से हॉस्पिटल में मिले और उनकी सेहत के बारे में पूछा। इस बीच, नीलगंगा पुलिस ने इस मामले में IPC के सेक्शन 18A और 118(1) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वे वीडियो फुटेज का इस्तेमाल करके आग लगाने वाले की तलाश कर रहे हैं। आरोपी की पहचान होने के बाद वे कार्रवाई करेंगे।
पुराण डेस्क