उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पाचवें चरण से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। अमित शाह ने वोटिंग से पहले समाजवादी पार्टी पर गंभीर आरोंप लगते हुए कहा कि, सपा संपत्ति इकट्ठा करती है और अपने परिजनों को पद पर बैठती है। समाजवादी पार्टी मतलब "SP" S मतलब - संपत्ति P मतलब- परिवार। जब अखिलेश मुख्यमंत्री थे तो उन्होंने अपने परिवार के 45 लोगों को अलग अलग पदों पर बैठाने का काम किया।

सपा पर शाह ने कसा तंज :

शाह ने कहा, हमारे सामने जो सपा और बसपा हैं, ये जातिवादी और परिवारवादी पार्टियां है। ये तुष्टिकरण करने वाले लोग हैं। इनके शासन में माफिया और बाहुबलियों का जमाना था। यूपी में चार चरण के चुनाव समाप्त हो गए हैं, चार चरण में घूमकर आया हूं। चारों चरण के चुनाव में सपा-बसपा का सूपड़ा साफ हो गया है। 300 से ज्यादा सीटों के साथ फिर से यूपी में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। 2014 में आपने भाजपा को जिताया, 2017 और 2019 में भी भाजपा को जिताया अब 2022 में भी आपको बाउंड्री लगानी है।

एनडीए गठबंधनविजयी गठबंधन : 

शाह ने कहा, एनडीए गठबंधन जो है, वो विजयी गठबंधन है। भाजपा, निषाद पार्टी और अपना दल पिछड़ों, गरीबों, दलितों के लिए काम करने वाले दल हैं। निषाद पार्टी और अपना दल को दिया आपका वोट प्रधानमंत्री मोदी के हाथों को मजबूत करेगा। ये विपक्ष वाले बहुत अफवाह उड़ाते हैं कि अपना दल और भाजपा अलग होंगे। मैं यहां कहकर जाता हूं कि आपकी दाल नहीं गलेगी अखिलेश बाबू, अनेक चुनाव हम दोनों दलों को साथ मिलकर लड़ने हैं। हमारा, निषाद पार्टी और अपना दल का गठबंधन एक विजयी गठबंधन है। हम तीनों दल पिछड़ों, गरीबों, दलितों के कल्याण के लिए काम करने वाले दल हैं।

शाह का अखिलेश पर वार :

शाह ने कहा, ये लोग जो भाजपा का विरोध कर रहे हैं, उनकी आंख पर एक चश्मा लगा है। उसमें 2 ग्लास हैं, अखिलेश के चश्मे के एक ग्लास से सिर्फ एक ही जाति दिखाई पड़ती है, जिसमें मैं और आप नहीं हैं। और दूसरे ग्लास से दूसरा धर्म दिखाई पड़ता है, जिसमें मैं और आप नहीं हैं। जब हमारे वैज्ञानिकों ने कोरोना का टीका ईजाद किया तो प्रधानमंत्री मोदी ने उनका अभिनंदन किया। लेकिन अखिलेश ने तब ट्वीट किया कि ये मोदी टीका है, इसे मत लगाना। और 10 दिन बाद चुपचाप वो खुद टीका लगा आए। तीसरी लहर इसलिए घातक नहीं हुई क्योंकि लोगों को कोरोना का टीका लगा था। ये जाति और धर्म के आधार पर राजनीति करने वाले गरीबों और पिछड़ों का भला नहीं कर सकते। गरीब और पिछड़े समाज का भला मोदी के नेतृत्व में केवल NDA कर सकता है।

गलती से भी साईकिल की सवारी मत करना : 

शाह ने कहा, आप अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी और आजम खान जेल में हैं। अगर आपने गलती से भी साईकिल की सवारी की तो ये जेल में रहेंगे क्या? अगर चाहते हो कि ये जेल में ही रहे तो कमल के निशान का बटन दबाना पड़ेगा। योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश से चुन चुन कर माफियाओं का सफाया करने का काम किया है। 2,000 करोड़ की भूमि को खाली कराकर गरीबों को आवास देने का काम भाजपा की सरकार ने किया है।

समाजवादी इत्र का मुद्दा उठा : 

शाह ने कहा, अभी कुछ दिन पहले कानपुर में रेड हुई। एक समाजवादी इत्र वाले के पास से ढेरों नोटों की गड्डी मिली है। अखिलेश तिलमिला गए कहने लगे की प्रधानमंत्री जी आप रेड क्यों करते हो..! अखिलेश बाबू, आपका इस इत्र वाले से आखिर रिश्ता क्या है ? अखिलेश बाबू, अगर टैक्स नहीं भरा हो तो रेड तो होगी ही। इसलिए ने कहने आया हूं कि, अगर समाजवादी पार्टी की उत्तर प्रदेश में सरकार आई तो वो सम्पत्ति इकट्ठा करने का काम करेगी। लेकिन भाजपा की उत्तर प्रदेश में दोबारा सरकार आई तो सम्पत्ति से गरीब कल्याण का काम करेगी।