US-Israel Iran War: अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का 11वां दिन हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने सोमवार रात ईरान पर बड़े हमले की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि अगर ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में तेल की सप्लाई रोकने की कोशिश की, तो अमेरिका उस पर 20 गुना ज्यादा ताकत से हमला करेगा। दुश्मन के पूरी तरह खत्म होने तक यह जंग जारी रहेगी।
ट्रंप ने यह भी बताया कि युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिका और इजराइल ने मिलकर ईरान में अब तक 5,000 से ज्यादा ठिकानों पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि कुछ बहुत अहम ठिकानों को अभी जानबूझकर नहीं निशाना बनाया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर बाद में कार्रवाई की जा सके।
फ्लोरिडा के डोरल शहर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और इजराइल ने इस युद्ध में काफी बड़ी बढ़त हासिल कर ली है और हो सकता है कि यह लड़ाई जल्द खत्म हो जाए, लेकिन फिलहाल मिलिट्री ऑपरेशन जारी रहेगा।
ट्रंप के मुताबिक अमेरिकी सेना ने ईरान के करीब 80% मिसाइल लॉन्चर और ठिकानों को तबाह कर दिया है और अब ईरान के पास बहुत कम लॉन्चर बचे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना ने जो काम किया है, वह बेहद शानदार है। ने दावा किया कि इस कार्रवाई में ईरान की नौसेना को भी भारी नुकसान हुआ है। उनके मुताबिक 46 जहाज डुबो दिए गए हैं और अब वे समुद्र के नीचे पड़े हैं।
ईरान बोला- जंग कब खत्म होगी ये हम तय करेंगे
ईरान की इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने कहा है कि जंग कब खत्म होगी, यह फैसला अमेरिका नहीं बल्कि ईरान करेगा। कॉर्प्स के प्रवक्ता अली मोहम्मद नैनी ने ट्रम्प के दावों को झूठ बताया। उन्होंने कहा कि ट्रम्प अपनी हार छिपाने के लिए झूठी सैन्य सफलता दिखाने की कोशिश कर रहे हैं।
नाएनी ने कहा कि अमेरिका का गोला-बारूद खत्म होने के करीब है, इसलिए वह युद्ध से निकलने का रास्ता तलाश रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि फारस की खाड़ी में अमेरिका के कई सैन्य ठिकाने नष्ट हो चुके हैं, लेकिन ट्रम्प यह बात अमेरिकी लोगों को नहीं बता रहे हैं।
नाएनी ने ट्रंप के उस दावे को भी गलत बताया जिसमें कहा गया था कि ईरान की मिसाइल ताकत कमजोर हो गई है। उनका कहना है कि ईरान अब पहले से ज्यादा और ज्यादा ताकतवर मिसाइलें दाग रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि फिलहाल ईरान इस इलाके से हमलावर देशों और उनके साथियों को एक बूंद तेल भी बाहर नहीं जाने देगा। तेल और गैस की कीमतों को कंट्रोल करने की कोशिशें ज्यादा समय तक काम नहीं करेंगी।
पुराण डेस्क