US-Israel Iran War Day 8: जंग का 8 वां दिन,  5000 से ज्यादा बम गिरे- 1200 से ज्यादा मौतें


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

US-Israel Iran War Day 8: 28 फरवरी को शुरू हुई इस जंग में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामनेई की मौत हो गई थी, अमेरिका-इजराइल अब तक 5000 से ज्यादा बम गिरा चुके हैं, इससे ईरान में 1200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है..!!

US-Israel Iran War Day 8: ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजराइल हमले का आज आठवां दिन है। इजराइली और अमेरिकी सेनाओं ने शुक्रवार को भी ईरान के अहम ठिकानों पर मिसाइलें दागीं। इजराइल और खाड़ी देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों के साथ अन्य जगहों पर भी ईरानी हमले जारी हैं।

28 फरवरी को शुरू हुई इस जंग में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामनेई की मौत हो गई थी। अमेरिका-इजराइल तीन दिन में 5000 से ज्यादा बम गिरा चुके हैं। इससे ईरान में 1200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

इस बीच अमेरिकी विदेश विभाग ने इजराइल को लगभग 151.8 मिलियन डॉलर के हथियार और सैन्य सहायता बेचने की मंजूरी दे दी है। विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि ऐसी इमरजेंसी के कारण तुरंत यह सैन्य सामान बेचना जरूरी हो गया है। 

इजराइली मीडिया वाइनेट के मुताबिक, इस आपात पैकेज में 12 हजार बीएलयू-110ए/बी बम शामिल हैं। इसके साथ ही लॉजिस्टिक सहायता और अन्य सपोर्ट सेवाएं भी दी जाएंगी।

दूसरी ओर खबर है कि रूस जंग के दौरान ईरान को खुफिया मदद दे रहा है। मॉस्को ने ईरान को मिडिल-ईस्ट में मौजूद अमेरिकी युद्धपोतों और सैन्य विमानों की लोकेशन से जुड़ी जानकारी मुहैया कराई। वॉशिंगटन पोस्ट ने तीन अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया है कि रूस ईरान को ऐसी टारगेटिंग इंटेलिजेंस दे रहा है, जिससे वह अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बना सके।

ईरान का युद्धपोत भारत में रुका

ईरान का एक युद्धपोतभारत के कोच्चि बंदरगाह पर रुका हुआ है। अठक ने सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया कि ईरान ने 28 फरवरी को तकनीकी खराबी आने के बाद भारत से मदद मांगी थी। भारत ने 1 मार्च को जहाज को कोच्चि में डॉक करने की अनुमति दी और इसके बाद 4 मार्च को यह बंदरगाह पर पहुंच गया। जहाज के 183 क्रू मेंबर फिलहाल कोच्चि में भारतीय नौसेना की सुविधाओं में ठहरे हुए हैं।

आईआरआईएस लावन हाल ही में भारत में आयोजित इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू  2026 और मिलान 2026 नौसैनिक अभ्यास में शामिल हुआ था, जो 15 से 25 फरवरी के बीच आयोजित हुए थे।

इससे पहले अमेरिका ने भारत से लौट रहे ईरानी युद्धपोत आईआरआईएस देना को श्रीलंका के पास हमला कर डुबा दिया था। हमले में 87 ईरानी नौसैनिक मारे गए।