राजधानी भोपाल में होने वाले तीन दिवसीय भारतीय चित्र साधना के प्रतिष्ठित ‘चित्र भारती फिल्मोत्सव-2022 में एक्टर अक्षय कुमार और द कश्मीर फाइल्स के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। बिशनखेड़ी स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के नवीन परिसर में 25 मार्च को शाम 6:00 बजे तीन दिवसीय फिल्म फेस्टिवल का उद्घाटन होगा। उद्घाटन समारोह में विशेष अतिथि के रूप में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री ऊषा ठाकुर, भारतीय चित्र साधना के अध्यक्ष प्रो. बीके कुठियाला, एमसीयू के कुलपति प्रो. केजी सुरेश और आयोजन समिति के अध्यक्ष दिलीप सूर्यवंशी शामिल होंगे। फिल्मोत्सव 25 से 27 मार्च तक चलेगा इस दौरान देशभर से प्रतिष्ठित फिल्म निर्माता एवं कलाकार आयेंगे, जो फिल्म निर्माण के क्षेत्र में आ रहे युवाओं के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे।