भोपाल: भारत सरकार के एगमार्कनेट 2.0 पोर्टल पर प्रदेश की 176 फल-सब्जी मंडियों द्वारा अपनी दैनिक आवक एवं भाव (न्यूनतम, उच्चतम एवं मॉडल भाव) की डाटा रिपोर्टिंग नहीं की जा रही है तथा इसे राज्य मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम ने आपत्तिजनक माना है और बोर्ड के सभी आचंलिक कार्यालयों के संयुक्त संचालकों को पोर्टल पर शत प्रतिशत डाटा रिपोर्टिंग करवाये जाने के निर्देश जारी किये हैं। दरअसल केंद्र सरकार के कृषि मंत्रालय ने इस संबंध में राज्य मंडी बोर्ड को पत्र लिखकर अवगत कराया था कि मप्र की फल एवं सब्जी मंडियों द्वारा पोर्टल पर अपने डाटा की रिपोर्टिंग नहीं की जा रही है जबकि इसके लिये इन्हें अलग से लागइन एवं पासवर्ड उपलब्ध कराये गये हैं।
प्रोफाइल अपडेट भी नहीं किया :
केंद्र सरकार का एगमार्कनेट पोर्टल का दूसरा वर्जन 2.0 लांच हो गया है लेकिन मप्र की अधिकांश कृषि उपज मंडियों ने इस नये वर्जन में अपनी प्रोफाइल अब तक अपडेट नहीं की है। साथ ही सही मैपिंग भी नहीं की गई है। इसके लिये भी राज्य मंडी बोर्ड ने सभी कृषि उपज मंडियों के सचिवों को निर्देश जारी कर कहा है कि नये वर्जन में सभी बिन्दुओं की जानकारी पूर्ण रुप से अद्यतन तथा अपडेट करें।